महावीर चौक पर सीएम योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंकने का प्रयास करते सपाइयों और पुलिसकर्मियों में तीखी झड़प हुई। पुलिस ने सीएम का पुतला सपाइयों से छीन लिया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को प्रयागराज विश्वविद्यालय के छात्रसंघ के शपथ ग्रहण समारोह में जाने से लखनऊ में ही रोके जाने से गुस्साए सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना मिलते ही सपा कार्यकर्ता महावीर चौक स्थित पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए।
यहां से नारेबाजी करते हुए सीएम योगी आदित्यानाथ का पुतला हाथ में लेकर महावीर चौक पहुंचे। सीएम का पुतला फूंकने की शिकायत मिलने पर एलआईयू इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह, तीनो थानों की फोर्स और महिला एसओ मीनाक्षी शर्मा महावीर चौक पर पहुंच गए। सपा कार्यकर्ताओं ने जैसे ही सीएम का पुतला फूंकने का प्रयास किया, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसे लेकर सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्कामुक्की और झड़प हुई।
भारी हंगामे के बीच पुलिस ने पुतला छीन लिया। इसके बाद एक कार्यकर्ता दूसरा पुतला जलता हुआ लेकर आया, जिसे पुलिस ने छीना और उसे हिरासत में ले लिया। सपाइयों ने यहां पर नारेबाजी और हंगामा किया। यहां से प्रदर्शन करते हुए वे प्रकाश चौक से होते हुए कलक्ट्रेट में आए और धरना देकर बैठ गए। सपा जिलाध्यक्ष गौरव स्वरूप, महानगर अध्यक्ष वसी अंसारी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, सतेंद्र सैनी ने कहा कि उन लोगों को जेल भेजा जाए।
सपा नेताओं ने 40 कार्यकर्ताओं की सूची प्रशासन को दी। अधिकारियों ने उन्हें समझाबुझा कर वापस भेज दिया। इस दौरान चंदन चौहान, राकेश शर्मा, गौरव जैन, साजिद हसन, उमाकिरण, महेश बंसल, नरेश विश्वकर्मा, विभा चौधरी, दिलशाद अंसारी, शौकत अंसारी, राकिब कुरैशी, शलभ गुप्ता, निधिष गर्ग, फिरोज अख्तर, शिवम त्यागी, दिलशाद, पवन पाल आदि शामिल रहे।
मीनाक्षी चौक पर फूंक दिया पुतला
मुजफ्फरनगर। एक तरफ महावीर चौक और कलेक्ट्रेट में सपाइयों का हंगामा चल रहा था, वहीं दूसरी ओर समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश सचिव अनस खान के नेतृत्व में छात्रों ने मीनाक्षी चौक पर सीएम का पुतला जला दिया। पुलिस जब तक पहुंची पुतला जलाने वाले गायब हो गए। मीनाक्षी चौक पर पुतला फूंकने वालों में अनस खान, शाहवेज, शकील, असलम, अनस अब्बासी, जीशान, गाजी, फरमान, रिहान, तालिब आदि शामिल रहे।
मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने पर रिपोर्ट दर्ज
शहर के मीनाक्षी चौक पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंकने के मामले में देर रात रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसमें सपा नेता अनस खान को नामजद करने के साथ ही कई अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लखनऊ में प्रयागराज जाने से रोके जाने के विरोध में सपा छात्र सभा के प्रदेश सचिव अनस खान के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार दोपहर शहर के मीनाक्षी चौक पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया था।
मामले में देर रात शहर कोतवाली के एसआई अक्षय शर्मा की तहरीर पर सपा नेताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि मुख्यमंत्री का पुतला फूूंके जाने के मामले में सपा छात्र सभा के प्रदेश सचिव अनस खान को नामजद करने के साथ ही कई अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है। घटना की वीडियो क्लिप व फोटो के आधार पर आरोपियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।