खतौली में सरधना से भाजपा विधायक ठाकुर संगीत सिंह सोम ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार द्वारा की गई पैसों की लूट खसोट के बंटवारे को लेकर चाचा और भतीजे में लड़ाई चल रही है। समाजवादी पार्टी का प्रदेश से अस्तित्व ही खत्म हो चुका है। रेलवे रोड स्थित एक कार्यक्रम में शामिल होने आए संगीत सिंह सोम ने कहा कि सपा सरकार ने दोनों हाथों से लूट खसोट की है। इसी के बंटवारे को लेकर चाचा-भतीजा और दोनों के समर्थक सड़कों पर एक दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं।
प्रदेश की जनता सब देख रही है। इस अंजाम विधानसभा चुनाव में भुगतना होगा। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की सराहना कर रही है। भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ता ही जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में अभी से जुट जाने का आह्वान किया। इस दौरान नगरपालिका चेयरमैन पारस जैन, मीरापुर नगर पंचायत चेयरमैन नवीन सैनी, नरेश पांचाल, अनिल पुंडीर, सुदीश पुंडीर, आदेश मोतला, राहुल, उमेश चौहान, अरुण, सोनू, सचिन, जोनी, रिंपा, शानू आदि मौजूद रहे।