सपा-रालोद ने की भाजपा प्रत्याशियों की घेराबंदी
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की घेराबंदी के लिए सपा-रालोद और भाकियू एकजुट हो गए हैं। सपा और रालोद ने वरिष्ठ भाजपा नेता यशपाल पंवार, वीरपाल निर्वाल, सतेंद्र दीवान और अर्जुन तोमर को कड़ी टक्कर देने की रणनीति बनाई है। चुनाव मैदान में जहां सपा समर्थित प्रत्याशी है, वहां रालोद ने समर्थन कर दिया है। वहीं, रालोद समर्थित प्रत्याशी का सपा ने समर्थन कर दिया है।
जिला पंचायत के जानसठ क्षेत्र के वार्ड 33 पर भाजपा के वरिष्ठ नेता यशपाल पंवार चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर सपा ने शिव कुमार सैनी को प्रत्याशी बनाया है। रालोद अध्यक्ष अजीत राठी ने पत्र जारी कर यहां सपा को समर्थन कर दिया है। यशपाल पंवार की इस तरह घेराबंदी की जा रही है कि उन्हें वार्ड चुनाव में ही आगे बढ़ने से रोका जा सके। जिला पंचायत के वार्ड 42 से भाजपा के वरिष्ठ नेता वीर पाल निर्वाल चुनाव लड़ रहे हैं। यहां रालोद के प्रभात तोमर उर्फ गुड्डू चुनाव लड़ रहे हैं। यहां सपा ने रालोद को समर्थन देने की घोषणा की है।
पूरे जिले की निगाहें वार्ड 18 पर टिकी हैं। यहां भाजपा ने सहेंद्र कश्यप को प्रत्याशी बनाया है, लेकिन वह मात्र डमी के रूप में हैं। यहां निर्दलीय चुनाव लड़ रहे केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के चचेरे भाई सतेंद्र दीवान चुनाव मैदान में हैं। रालोद ने उनके मुकाबले के लिए गौरव बालियान मांडी को चुनाव में उतारा है। सपा ने वार्ड 20 पर रालोद के अंकित बालियान और वार्ड 21 पर रालोद के कुलदीप मलिक को समर्थन दिया है। इससे पहले रालोद वार्ड नौ पर सपा की अनीता वाल्मीकि और वार्ड 22 पर बिलकिस पत्नी साजिद को अपना समर्थन दे चुकी है।