1पुरकाजी के खादर क्षेत्र में नांव में बैठकर सोतानी नदी पार करते ग्रामीण
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पुरकाजी। खादर क्षेत्र की सोलानी नदी का जलस्तर घटने से ग्रामीणों ने राहत महसूस की। हालांकि अभी भी नदी में करीब आठ फुट पानी होने के कारण ग्रामीणों को नाव से ही नदी पार करनी पड़ रही है। खेतों पर नहीं जा पाने से पशुओं के लिए चारे की समस्या बनी हुई है।
बुधवार को उत्तराखंड की पहाड़ियों से छोड़े गए पानी के कारण गुरुवार को खादर क्षेत्र की सोलानी नदी उफान पर आ गई थी। जिससे पानी नदी से बाहर आकर क्षेत्र के कई गांवों के रास्तों पर भर जाने से गांव रामनगर, रजकल्लापुर, खेड़की, भदौला, पांचली, धुममनपुरी आदि कई गांवों के ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया था। जिससे ग्रामीण खेतों व जंगलों आदि में भी नहीं जा पा रहे हैं। शुक्रवार को सोलानी का जलस्तर घटने से ग्रामीणों ने राहत महसूस की। ग्रामीणों ने बताया कि सोलानी नदी में पानी कम तो हुआ है। मगर नदी में अभी भी पानी ज्यादा होने के कारण नाव में बैठकर ही नदी पार करनी पड़ रही है। राजू प्रजापति, जबर सिंह, पहल सिंह, साधुराम आदि ग्रामीणों का कहना है कि खेतों व जंगलों में पानी भरा होने के कारण पशुओं के लिए चारा नहीं ला पा रहे हैं। जिससे पशुओं को कई दिनों से भूसा ही खिलाना पड़ रहा है। सिंचाई विभाग के एसडीओ अशोक जैन ने बताया कि पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है। दो दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी।