भोपा रोड पर सुबह फैली धुंध में लाइट जलाकर गुजरते वाहन।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
स्मॉग छाया, प्रदूषित हवा में सांस लेना भी हुआ मुश्किल
मुजफ्फरनगर। प्रदूषित हवा ने लोगों का सांस लेना मुश्किल कर दिया है। मंगलवार सुबह स्मॉग छाया रहा। एयर क्वालिटी इंडेक्स बढ़कर 407 पर पहुंच गया है। सिर्फ छह दिन में एक्यूआई में दोगुनी बढ़ोत्तरी हो गई है।
सुबह स्मॉग छाया रहा। लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सांस संबंधी बीमारियों से परेशान मरीज घरों में रहे। स्मॉग के कारण एक्यूआई का स्तर भी इस साल के रिकॉर्ड 407 के स्तर पर पहुंच गया। हवा की सेहत लगातार खराब होने से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां होने लगी हैं। सांस के रोगियों की अस्पतालों में संख्या बढ़ रही है। डॉक्टर ऐसे मरीजों को सुबह और शाम घरों में ही रहने की सलाह दे रहे हैं। स्मॉग के कारण मंगलवार को दृश्यता भी कम रही। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी रही।
काम नहीं आ रही पानी की बौछार
प्रदूषण विभाग द्वारा शहर के नई मंडी इलाके में टैंकरों से पानी का छिड़काव कराया गया। लेकिन प्रदूषण कम नहीं हुआ। जिला प्रदूषण अधिकारी अंकित सिंह का कहना है कि खुले में निर्माण सामग्री डालने वालों पर सख्ती की जा रही है। कई लोगों को नोटिस भेजे गए हैं। जिले में अभियान शुरू किया गया है।