मुजफ्फरनगर/ बुढ़ाना। सीजिंग एवं फ्रीजिंग अथारिटी न्याय निर्णायक प्राधिकारी दिल्ली के आदेश का पालन करते हुए बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने स्मैक तस्कर अब्दुल कादिर की दस करोड़ रुपये की पांच संपत्तियां जब्त की हैं। संपत्तियों पर सरकार के हक वाला बोर्ड लगाया गया है।
स्मैक तस्कर अब्दुल कादिर जनपद शामली के थाना झिंझाना के गांव जिजौला का रहने वाला है। उसके नाम पर बुढ़ाना, बागपत व सहारनपुर में पांच संपत्तियां है। जो उसने स्मैक का अवैध धंधा कर अर्जित की। बुढ़ाना पुलिस ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कार्रवाई की। अब्दुल कादिर की मां हुस्नो देवी के नाम पर कस्बा बुढ़ाना में दो आवासीय मकान व एक प्लाट पर बोर्ड लगाकर कार्रवाई की गई।
एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि 15 अगस्त 2025 को सीजिंग एवं फ्रीजिंग अथारिटी न्याय निर्णायक प्राधिकारी दिल्ली ने आदेश जारी किए थे। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की थी। उसकी संपत्ति का पता लगाया था। संपत्तियों पर बोर्ड लगाए गए हैं। उन्हें बेचने व खरीदने व खुर्द-बुर्द न करने के संबंध में प्रचार-प्रसार भी किया गया है। यदि किसी ने संपत्तियों से छेड़छाड़ की तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह संपत्ति की जब्त
- 546.55 वर्ग मीटर का आवासीय भूखण्ड, मुजफ्फरनगर।
- एक आवासीय दो मंजिला मकान 307.50 वर्गमीटर, मुजफ्फरनगर।
- कृषि भूमि 0.068 हेक्टेयर, मुजफ्फरनगर।
- 344.44 वर्गमीटर का आवासीय भूखण्ड, बागपत।
- 156.8 वर्गमीटर का दो मंजिला आवासीय मकान, सहारनपुर।