मुजफ्फरनगर। गांव सुजड़ू में सोमवार रात घर के बाहर खड़े युवक के साथ एक दबंग ने मारपीट करने के साथ ही फायरिंग भी कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथ दबोचने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजड़ू के मोहल्ला जहांगीर पट्टी निवासी शाहबाज ने तहरीर देकर बताया कि वह सोमवार रात अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान मोहल्ला दीन मोहम्मद निवासी शादाब वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने शाहबाज के साथ मारपीट करते हुए तमंचे से उस पर फायरिंग भी कर दी, जिसमें शाहबाज बाल-बाल बच गया। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी शादाब को रंगेहाथ गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी शादाब को मंगलवार को जेल भेज दिया गया है।