देवबंद। पावन तीर्थ अपना घर आश्रम शुक्रताल द्वारा कोरोना महामारी में असहाय व गरीब मरीजों के उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग को छह ऑक्सीजन कंसट्रेटर की सुविधा उपलब्ध कराई। इनमें पांच कंसट्रेटर सहारनपुर जिला अस्पताल और एक कंसट्रेटर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानौता के लिए दिया गया।
रविवार को आश्रम के संस्थापक विनोद गोयल ने डीएम अखिलेश सिंह और एसएसपी डॉ. एस चनप्पा को छह ऑक्सीजन कंसट्रेटर सौंपे। इससे पहले 14 मई को आश्रम की ओर से 10 कंसट्रेटर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरना (मुजफ्फरनगर) को उपलब्ध कराए गए थे। विनोद गोयल ने बताया कि शुक्रताल का अपना घर आश्रम ऐसे दीनजनों का घर है जिनका कोई घर है न ही कोई ठिकाना। जो जीवन के अंतिम पड़ाव में प्लेटफार्म, सार्वजनिक स्थल, बस स्टैंड, धार्मिक स्थलों और अस्पतालों के आसपास मरणासन हालत में पड़े जीवन के अंतिम कष्टों को झेल रहे हैं। ऐसे दीनजनों को आश्रम द्वारा स्थान, भोजन, इलाज आदि सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम संयोजक व मेपल्स एकेडमी के चेयरमैन अजय मित्तल ने कहा कि अपना घर आश्रम भविष्य में भी गरीब व असहाय लोगों की मदद करता रहेगा।