बहनों ने भाइयों के माथे पर किया मंगल तिलक
भैयादूज पर्व विश्वास के साथ मनाया गया, भाइयों ने बहन को दिए उपहार,
(फोटो समाचार)
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। बहन-भाई के अटूट प्रेम का प्रतीक भैयादूज का पर्व श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर मंगल तिलक कर दीर्घायु की कामना की। बदले में भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट किए।
सोमवार को भैयादूज का पर्व मनाया गया। बहनों ने व्रत रखा। सुभाषनगर, गांधी कॉलोनी, द्वारिकापुरी सहित कई स्थानों पर सामूहिक रूप से बहनों ने भैया दूज की परंपरागत कथा का श्रवण किया। इसके बाद भाई को मंगल तिलक कर गोले भेंट कर उनके दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने बहनों को उपहार दिए। अधिकांश भाइयों ने ही बहनों के यहां जाकर तिलक कराया। बहनों ने भी भाइयों के यहां आकर पर्व मनाया। छोटे भाई-बहनों में पर्व को लेकर काफी उत्साह रहा। भीड़ के मद्देनजर काफी लोग रविवार को ही बहनों के यहां पहुंच गए थे। सोमवार को भी काफी भाई अपनी बहनों के यहां पहुंचे। पर्व पर खील बतासे और उपहार की जमकर खरीदारी हुई। रोडवेज बस स्टैंड, जानसठ बस अड्डा, भोपा बस स्टैंड, सहारनपुर बस स्टैंड, शामली बस स्टैंड, झांसी रानी चौक, भोपा रोड, महावीर चौक, गांधी कालोनी में काफी संख्या में खील बतासे की दुकानें लगी, जहां पर खील बतासों की खूब बिक्री हुई। देहात के बस अड्डों के पास मिठाई की दुकानों पर भी काफी खरीदारी हुई। भैयादूज पर्व पर बसों में भारी भीड़ रही। नेशनल हाईवे समेत सभी मार्गों पर वाहनों का जमावड़ा लगा रहा।