देवबंद (सहारनपुर)। बहन को बंधक बनाकर रखने की जानकारी मिलने पर उसकी ससुराल पहुंचे भाई और भाभी सहित कई लोगों को ससुराल के लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। जिन्हें पुलिस ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना बड़गांव के गांव शब्बीरपुर गांव निवासी मोनू ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि करीब चार वर्ष पूर्व उसकी बहन बबली की शादी अंबहेटा शेखां गांव निवासी व्यक्ति के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने लगे। मोनू के मुताबिक कई बार उसने बहन के कहने पर उसके पति को पैसे दिए। लेकिन फिर भी उनका लालच खत्म नहीं हुआ और वे लगातार बबली के साथ मारपीट करने लगे। मोनू का आरोप है कि बुधवार को बहन बबली ने फोन कर जानकारी दी कि ससुराल के लोगों ने मारपीट कर उसे कमरे में बंधक बनाया हुआ है। जिसके बाद वह अपने भाई संदीप, मोनू, भाभी पूनम व अन्नू के साथ वहां पहुंचे तो बहनोई सहित उसके घरवालों ने उनके साथ गाली गलौज शुरू कर दी और उन पर लाठी डंडों व ईंटों से हमला कर घायल कर दिया। मोनू के मुताबिक उन्होंने बामुश्किल जंगल के रास्ते भागकर जान बचाई। इस दौरान उक्त लोगों ने उनकी दो बाइक तथा बहन के इलाज के लिए लेकर गए करीब तीस हजार रुपये भी छीन लिए। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, दूसरे पक्ष के रोहताश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पत्नी बबली और मां में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। जिसके चलते पत्नी 3 मई को घर में रखी 50 हजार की नगदी लेकर चली गई। आरोप है कि वे उसे तलाश ही कर रहा था कि उसके साले कई लोगों के साथ घर पहुंचे तथा उसके साथ मारपीट की। जिसमें वह घायल हो गया।