सिसौली डाकघर में दो सप्ताह से काम नहीं, लोग परेशान
मुजफ्फरनगर, भौराकलां। कस्बा सिसौली के डाकघर से कनेक्टिविटी नहीं आने के कारण नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डाकघर में किसी प्रकार का लेनदेन बीते दो सप्ताह से बंद है।
कस्बा सिसौली के डाकघर में पिछले 15 दिनों से कनेक्टिविटी न होने के कारण ग्राहक परेशान हैं। कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण डाकघर में नकद जमा, भुगतान, किसान विकास पत्र रजिस्ट्री आदि का कार्य प्रभावित हो गया है। कस्बा निवासी डाकघर के चक्कर लगा रहे हैं। समय अवधि पूर्ण कर चुके किसान विकास पत्र आदि का भुगतान भी नहीं हो रहा है। कस्बा वासियों ने वरिष्ठ पोस्ट मास्टर मुजफ्फरनगर को समस्या से अवगत कराया, परंतु कोई समाधान नहीं हुआ। कस्बा वासियों सुधीर बालियान, महेंद्र, मदन, संजीव कौशिक ने डीएम से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।