बीएसए कार्यालय पर चल रहे एसआईआर नोटिस निस्तारण प्रक्रिया में समय पर पहुंचे फरियादी और अधिकारी ल
मुजफ्फरनगर। जिला बेसिक शिक्षा विभाग में एसआईआर नोटिस निस्तारण प्रक्रिया जारी है। मंगलवार को नोटिस धारक दिए गए समय पर दोपहर 12 बजे पहुंचे और लाइन लगाकर खड़े हो गए। अतिरिक्त सहायक निर्वाचक अधिकारी की खाली पड़ी कुर्सी के सामने लाइन लगाकर दोपहर एक बजे तक खड़े रहे।
लोगों ने दीवार पर अंकित अधिकारी पंकज कुमार के मोबाइल नंबर पर कई बार फोन मिलाया लेकिन उठा नहीं। दोपहर एक बजकर 15 मिनट पर अधिकारी के आने पर सभी ने राहत की सांस की कि अब काम हो जाएगा तो अपने काम पर भी जा सकेंगे।
एसआईआर के बाद जारी पुनरीक्षित अनंतिम मतदाता सूची में नाम कट जाने के बाद पुरकाजी विधानसभा के निवासियों को नोटिस दिए गए थे। बीएसए कार्यालय परिसर पर लगभग 20 बूथ के नोटिस निस्तारण का काम चल रहा है। रोजाना 250 से 300 लोग नोटिस पर सुनवाई के लिए आ रहे हैं। इसके लिए कुछ अधिकारी तन्मयता से जुटे हैं तो कुछ की लेटलतीफी लोगों को परेशानी में डाल रही है।
रामपुरी से आए कंवलपाल ने बताया कि राजमिस्त्री हैं। रोजाना काम करते हैं तो कमाते हैं। चार दिन से लगातार आ रहे हैं। अधिकारी खुद लेट आते हैं तो काम देर से शुरू होता है। 12 बजे का समय नोटिस पर दिया गया था तो समय पर आ गए थे।
मेडिकल स्टोर पर नौकरी करने वाले विक्की ने बताया कि महीने में दस हजार रुपये की तनख्वाह मिलती है। छुट्टी के पैसे भी कटते हैं। परिवार में मेरे सहित मां, पत्नी और भाभी का नाम सूची से कट गया है। लगातार चार दिन से आ रहे हैं। हमारे बूथ के अधिकारी कभी आधा तो कभी डेढ़ घंटा लेट ही रहते हैं।
जानसठ एसडीएम राहुल भट्ट का कहना है कि पंकज कुमार विभागीय कार्यों के चलते लेट हुए थे। जैसे ही मेरे संज्ञान में आया कि नोटिस धारक इंतजार कर रहे हैं। तत्काल पहुंचने के निर्देश दिए।