फायर बिग्रेड कार्यालय के सामने ऐक्सीडेट के बाद समा भीड को समझाते कोतवाल।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
नादान किशोर ने दौड़ाई एंडीवर
मुजफ्फरनगर। शहर के कोर्ट रोड पर शनिवार शाम किशोर की नादानी से एंडीवर कार ने सड़क पर दौड़ते हुए दुकानों के बाहर खड़े कई दुपहिया वाहन रौंद डाले। हादसे से गुस्साए लोगों ने कार सवार किशोर के साथ मारपीट कर दी, जिसे दमकल विभाग के कर्मचारियों ने बमुश्किल बचाया। दोनों पक्षों के बीच थाने में समझौते के प्रयास चल रहे हैं।
शहर के कोर्ट रोड स्थित जिला परिषद मार्केट के बाहर और फायर ब्रिगेड के पास शनिवार शाम एक युवक एंडीवर कार लेकर पहुंचा। कार को एक दुकान के बाहर खड़ी कर जिला परिषद मार्केट में दवाई लेने चला गया। युवक के साथ मौजूद एक किशोर कार में ही बैठा रह गया। काफी देर तक युवक के नहीं आने पर दुकानदार ने किशोर को अपनी दुकान के आगे से कार हटाने के लिए कहा, जिस पर किशोर ने खड़ी कार में सेल्फ मार दिया। सेल्फ मारते ही गियर में खड़ी कार ने अचानक तेज रफ्तार से दौड़ते हुए दुकानों के बाहर खड़े कई दुपहिया वाहनों को रौंद डाला, जिससे हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि व्यस्त सड़क होने के बावजूद कोई व्यक्ति कार की चपेट में नहीं आया। हादसे से गुस्साए आसपास के लोगों ने कार सवार किशोर को बाहर खींचकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसे पास ही स्थित दमकल विभाग के पुलिसकर्मी बमुश्किल बचाकर अपने ऑफिस में ले गए। सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर किशोर के साथ ही दवाई खरीदने गए युवक को भी हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि दुकानदार द्वारा कार हटाने के लिए कहे जाने पर किशोर ने खड़ी कार में सेल्फ लगा दिया था, जिससे गियर में खड़ी कार ने कई दुपहिया वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए। दोनों पक्षों में फैसले की बात चल रही है।