पुरकाजी से दिल्ली लौटता सिखों का जत्था।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
आश्वासन के बाद दिल्ली लौटा सिखों का जत्था
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली से उत्तराखंड जा रहे सिखों के जत्थे को उत्तराखंड पुलिस द्वारा सीमा पर रोक देने के मामले में जत्था संचालकों व उत्तराखंड प्रशासन के बीच लंबी वार्ता हुई। उत्तराखंड प्रशासन ने दो माह में मामले का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया है। इस पर जत्था दिल्ली लौट गया।
दिल्ली से हरिद्वार हरकी पौड़ी पर स्थित ज्ञान गोदड़ी गुरुद्वारे पर जा रहे सिखों के जत्थे को शनिवार देर रात उत्तराखंड पुलिस ने सीमा पर रोक दिया था। इसे लेकर पुलिस व जत्थे के लोगों के बीच नोकझोंक भी हुई थी। दोनों पक्षों में घंटों चली जद्दोजहद के बाद किसी उच्च अधिकारी से हुई वार्ता के उपरांत रविवार को मिल बैठकर वार्ता करने के आश्वासन पर जत्था वापस पुरकाजी लौट आया था। रविवार को रुड़की उत्तराखंड में हुई दोनों पक्षों के बीच वार्ता के बाद जत्था रविवार दोपहर दिल्ली लौट गया। जत्था संचालक गुरचरण सिंह बब्बर ने बताया कि सरकार के नुमाइंदों से वार्ता हुई है, जिसमें उन्होंने दो माह में मामले का निस्तारण कर देने का आश्वासन दिया है। यदि कोई समाधान नहीं निकलता तो हरकी पौड़ी पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान सरदार बलबीर सिंह, सरदार चंचल सिंह, सरदार सूबा सिंह, सरदार सतविंदर सिंह, तजिंदर कौर, सिम्मी कौर बब्बर आदि लोग मौजूद रहे।