देवबंद। प्राचीन सिद्ध पीठ श्रीराधा वल्लभ मंदिर श्री राधा नवरंगी लाल जी महाराज का बसंत उत्सव धूमधाम से मनाया। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा प्रस्तुत भजनों से मंदिर प्रांगण भक्तिमय हो गया।
उत्सव में ठाकुर जी को पीली पोशाक धारण कराकर पीले कुंज सिंहासन पर विराजमान कराया। ठाकुरजी को सभी आभूषण, मुकुट व माला पीले रंग की धारण कराई। मंदिर के सेवाधिकारी नीरज गोस्वामी ने बताया बसंत पंचमी के दिन श्री राधा नवरंगी लाल जी महाराज की स्थापना हुई। इस दिन उनका जन्म उत्सव भी मनाया जाता है। श्यामा श्याम सलोनी सूरत को श्रृंगार बसंती, मोर मुकुट की लटक बसंती, चंद्र कला की चटक बसंती, मुख मुरली की लटक बसंती, सिर पे पैंच श्रवण कुंडल छविदार बसंती है, माथे चंदन लसियो बसंती, पट पीतांबर कसियो बसंती, पहना बाजूबंद बसंती गुंजमाल गल सोहे फूलनहार बसंती आदि भजन प्रस्तुत कर ठाकुर जी को रिझाया।
मुजफ्फरनगर के भजन गायक अनुपम और कार्तिक ने ठाकुर जी के बसंत और जन्म के बधाई गान प्रगट भये राधा नवरंगी लाल ये शुभ दिन आयो रे, छाई चहू और बसंती बहार ये शुभ दिन आयो रे गाकर भक्तों का मन मोह लिया। हितेश गोस्वामी ने बताया अधिक मास उत्सव की कड़ी में आठ अक्तूबर को शरद पूर्णिमा उत्सव तथा 10 अक्तूबर को ठाकुरजी का विवाह उत्सव मनेगा। इसमें निकुंज गोस्वामी, अभिषेक गोस्वामी, सुशील गोयल, अरुण गोयल, अमित कंसल, विनेश गर्ग, मोनू बंसल, प्रदीप गोयल, शिवकुमार वर्मा, विकास गर्ग, नीरज गोयल, अतुल शर्मा आदि रहे।