श्याम सिंह हत्याकांड : वृद्ध की हत्या के विरोध में जाम लगाया
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। गांव भलवा में भाजपा के बूथ अध्यक्ष के पिता श्याम सिंह की हत्या के विरोध में बृहस्पतिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस प्रशासन के रवैये से खफा ग्रामीणों ने करीब ढाई घंटे तक खतौली-जानसठ मार्ग पर जाम लगाकर अपनी नाराजगी का इजहार किया। प्रदर्शनकारियों ने हत्याभियुक्तों पर रासुका लगाने, परिजनों को आर्थिक मदद देने और दरोगा के निलंबन की मांग की। मांग पूरी न होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से भी इंकार कर दिया। बाद में राज्यमंत्री ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों के गुस्से को शांत किया। इसके बाद वृद्ध के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
जानसठ थाना क्षेत्र के गांव भलवा निवासी भाजपा के बूथ अध्यक्ष सुशील प्रजापति के पिता श्याम सिंह की बुधवार दोपहर घर से बुला ले जाने के बाद गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। देर रात मृतक के बेटे ने दूसरे वर्ग के सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने इनमें से पांच हत्यारोपियों को बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया। गांव में तनाव के मद्देनजर भारी पुलिस फोर्स व आरआरएफ तैनात कर दी गई। इसी दौरान बृहस्पतिवार दोपहर करीब 1.45 बजे घटना से गुस्साए ग्रामीण व परिजन गांव के बाहर जानसठ-खतौली मार्ग पर पहुंच गए और बीच सड़क पर धरना देकर बैठ गए। पुलिस चौकी के सामने ही जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने हत्यारोपियों पर रासुका लगाने, पीड़ित परिवार को 50 लाख की सहायता व एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने और परिवार की सुरक्षा के प्रबंध किए जाने की मांग की। मांगे पूरी न होने तक शव का अंतिम संस्कार किए जाने से भी इंकार कर दिया गया।
सूचना पर एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव, सीओ शकील अहमद फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। बाद में कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर हत्यारोपियों पर रासुका लगाने, पीड़ित परिवार को पांच लाख की मदद दिलाने और भाजपा नेता से बदसलूकी करने वाले दरोगा के निलंबन की कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद शाम करीब 4.30 बजे धरना खत्म किया गया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान थाना मीरापुर, खतौली व रतनपुरी थाने का पुलिस फोर्स मौजूद रहा।
जाम लगने से लोग परेशान रहे यात्री
जानसठ। खतौली- जानसठ मार्ग पर जाम लगाए जाने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ढाई घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान दोनों ओर वाहन खड़े हो गए, जिन्हें बाद में पुलिस ने वापस भेज दिया, जो देहात के संपर्क मार्गों से होकर गए। जाम के कारण खतौली-जानसठ के बीच चलने वाले यातायात को वाया नया गांव मीरापुर मार्ग से निकाला गया।