संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। गांव जंधेड़ी जाटान में दो वर्ष पूर्व स्ट्रीट लाइटों को तीन लाख रुपये से अधिक राशिद का भुगतान करने को लेकर जिला पंचायतराज अधिकारी ने ग्राम सचिव को कारण बताओ नोटिस भेजा है।
गांव जंधेड़ी जाटान में वर्ष 2022 में 100 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। इनका तीन लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया गया था। इस भुगतान को नियम विरुद्ध बताते हुए ग्रामीण अनिल कुमार ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर लाइटों की जांच कराए जाने, नियम विरुद्ध भुगतान कराने की शिकायत की थी। शिकायतकर्ता ने इस संंबंध में साक्षय भी उपलब्ध कराए थे। शिकायत का संज्ञान लेते हुए इसकी जांच सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा की गई थी। जांच के आधार पर जिला पंचायतराज अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने ग्राम सचिव को वित्तीय दुरुपयोग, अनियमितता व नियम विरुद्ध भुगतान करने का दोषी मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसकी जांच कराने, कार्रवाई को लेकर शिकायतकर्ता अनिल कुमार विगत दो वर्ष से अधिकारियों के चक्कर काट रहा था। उधर, ग्राम सचिव ने बताया कि वह कारण बताओ नोटिस का उत्तर जिला पंचायतराज अधिकारी को भेजेंगे।