रतनपुरी। गांव कितास में मामूली कहासुनी को लेकर गोयला निवासी कुछ युवकों ने एक व्यक्ति के घर पर गोली चला दी। इस दौरान एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पुलिस ने एक नामजद सहित पांच अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए एक आरोपी को जेल भेजा।
रतनपुरी के गांव कितास निवासी धर्मेंद्र ने तहरीर देकर बताया कि बुधवार को उनके गांव के जानी की लड़की के ससुराल पक्ष के कुछ लोग लड़की को लेने के लिए आए हुए थे। दोनों पक्षों में पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। तभी वहां आरोप प्रत्यारोप के कारण दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। जिसके बाद लड़की पक्ष के लोगों ने निकट के गांव गोयला निवासी अमरदीप को वहां बुलवा लिया। उसने वहां उपस्थित गांव के लोगों के साथ बदतमीजी शुरू कर दी। धर्मेंद्र ने इसका विरोध किया। जिसको लेकर अमरदीप से कहासुनी हो गई।
अमरदीप उसे देख लेने की धमकी देते हुए चला गया। बुधवार रात अमरदीप अपने पांच अन्य साथियों के साथ कितास स्थित धर्मेंद्र के घर पहुंचा और तमंचे से फायर करना शुरू कर दिया। धर्मेंद्र ने किसी तरह वहां से भाग कर जान बचाई। इस दौरान ग्रामीणों ने अमरदीप को दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार होने में सफल रहे। धर्मेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने अमरदीप निवासी गोयला और पांच अन्य अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने नामजद आरोपी अमरदीप को जेल भेजा है।