दुकानदारों ने फुटपाथ कब्जाया, गलियारों को दुकान बनाया
मुजफ्फरनगर। डीएम सीबी सिंह के शहर को जाम और अतिक्रमण मुक्त करने के मास्टर प्लान का भी अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। दुकानदारों ने मार्केट के गलियारों को भी दुकानों में तब्दील कर दिया है। नगर पालिका और जिला परिषद की सभी मार्केट के गलियारे खत्म हो गए हैं। इतना ही नहीं फुटपाथ पर भी दुकानदारों ने अतिक्रमण कर लिया है। लोगों को मजबूरन वाहन भी फुटपाथ से बाहर खड़े करने पड़ते हैं। ऐसे में मुख्य मार्गों और बाजारों में जाम लगता है।
शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाए जाने के बावजूद कब्जा नगर पालिका और जिला परिषद, झांसी रानी, गोल मार्केट, रुड़की रोड की मार्केट कब्जा मुक्त नहीं हो रही है।
- शिव चौक के पास स्थित गोल मार्केट के कुछ दुकानदारों ने दुकानों के आगे बने गलियारे पर कब्जा कर रखा है। दुकान का पूरा सामान बाहर गलियारे में रखा जाता है। दो सप्ताह पहले सिटी मजिस्ट्रेट ने अभियान चला कर गलियारे को अतिक्रमण मुक्त कराया था, मगर अब फिर से पहलेे जैसे हालात हैं।
- अंगूरी टॉवर के रुड़की रोड पर पास नगर पालिका की बनी मार्केट के गलियारे पर भी अधिकांश दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। ग्राहकों को नीचे सड़क से होकर जाना पड़ता है। यहां पर भी अभियान चलाया गया था, मगर दुकानदार बाज नहीं आ रहे। कुछ ने तो स्थाई अतिक्रमण कर लिया है।
- फायरब्रिगेड के सामने नगर पालिका की ही मार्केट का भी ऐसा ही हाल है। यहां पर भी दुकानें आगे बढ़ा दी गई है। दुकानदारों और ग्राहकों के वाहन सड़क पर खड़े होने से यहां भी जाम की स्थिति बनी रहती है। नगर पालिका की से यहां कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
- जिला परिषद मार्केट के दुकानदार भी अतिक्रमण करने में पीछे नहीं है। दुकानदारों ने दुकानों के आगे के फुटपाथ और गलियारे पर स्थायी कब्जा कर रखा है। मुख्य मार्ग होने के कारण यहां पर वाहनों का जमावड़ा रहने से जाम की स्थिति पूरे दिन रहती है। इन दुकानदारों पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
बड़ी कार्रवाई होगी, आवंटन भी निरस्त होगा
- डीएम के मास्टर प्लान में शहर जाम और अतिक्रमण से मुक्त होना है। इसके लिए नगर पालिका को कार्रवाई के निर्देश दिए है। कुछ दुकानदारों को नोटिस भी जारी कराए गए है। गोल मार्केट के दुकानदारों को नोटिस दिए गए हैं। अतिक्रमण करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की जाएगी। बाज नहीं आने वाले दुकानदारों का चालान और जुर्माना के अलावा उनकी दुकान का आवंटन भी रद्द किया जाएगा। - अभिषेक सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट