मुजफ्फरनगर। 38वीं क्षेत्रीय शूटिंग एवं कुश्ती प्रतियोगिता के आखिरी दिन खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। शूटिंग में मेरठ के खिलाड़ियों ने ओवरऑल ट्रॉफी पर कब्जा किया। वहीं, कुश्ती का ओवरऑल खिताब खुर्जा के खिलाड़ियों ने अपने नाम किया।
लाला जगदीश प्रसाद इंटर कॉलेज में प्रतियोगिता के समापन की विधिवत घोषणा मुख्य अतिथि पंकज प्रकाश राठौर ने की। शूटिंग प्रतियोगिता के संयोजक जॉनी चौधरी ने परिणामों की घोषणा की। ऑल ओवर चैंपियनशिप में बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती विद्या मंदिर मेरठ की टीम प्रथम रही। सरस्वती विद्या मंदिर साहिबाबाद की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। सरस्वती विद्या मंदिर हापुड़ की टीम तीसरे स्थान पर रही।
कुश्ती प्रतियोगिता के खेल संयोजक रविंद्र सिंह ने परिणाम घोषित किए। आदर्श सरस्वती विद्या मंदिर खुर्जा ने 84 अंकों के साथ कुश्ती की ओवरऑल ट्रॉफी जीती। बालक वर्ग 14 वर्ष से कम आयु वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर धानुका वृंदावन प्रथम रहा। 17 वर्ष से कम आयु वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर खुर्जा द्वितीय और सरस्वती विद्या मंदिर मथुरा तृतीय स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग 14 वर्ष से कम आयु वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर मथुरा ने पहला स्थान प्राप्त किया। सरस्वती विद्या मंदिर खुर्जा ने दूसरा और 19 वर्ष से कम आयु वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर साहिबाबाद ने तीसरा स्थान हासिल किया।
सभी विजयी खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पदक और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा और उप प्रधानाचार्य महेश कुमार ने बताया कि समापन समारोह में मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त कर्नल सुधीर कुमार सिंह एडवोकेट, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी, भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव कुमार सिन्हा, प्रबंध समिति अध्यक्ष सूरत सिंह वर्मा, प्रबंधक बाल बहादुर, सह-प्रबंधक ज्ञानचंद संगल, प्रमोद कुमार तिवारी मौजूद रहे।