तलहेड़ी बुजुर्ग में जीएसटी की बढ़ी दरों के विरोध में प्रदर्शन करते जूता व्यापारी
- फोटो : DEVBAND
देवबंद/तलहेड़ी (सहारनपुर)। जूतों पर जीएसटी की दरें 5 से बढ़ाकर 12 प्रतिशत किए जाने के विरोध में बुधवार को जूता व्यापारियों ने तलहेड़ी बुजुर्ग बस स्टैंड पर धरना प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने केंद्र सरकार से जीएसटी की बढ़ी दरों को वापस लेने की मांग की।
धरना प्रदर्शन के चलते जूता व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखकर जीएसटी की बढ़ाई दरों का विरोध किया। जूता व्यापारियों का कहना था कि कोरोना महामारी के कारण पहले ही दुकानदारी कम है। जिससे जीवन यापन करना कठिन हो रहा है। अब सरकार द्वारा जूतों पर जीएसटी 5 से बढ़ाकर 12 प्रतिशत करने से व्यापार बिल्कुल चौपट हो जाएगा। इसलिए व्यापारियों की इस परेशानी को समझते हुए सरकार जीएसटी की बढ़ी दरें तुरंत कम करे। जिससे कि व्यापार सुचारु रूप से चलता रहे। वहीं, जूते की दुकानें बंद होने के चलते जूते, चप्पल खरीदे आए ग्राहकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। धरना-प्रदर्शन में प्रशांत शर्मा, संजय कुमार, मांगेराम, अफसर, रोशन लाल, पंकज, भोला व तनवीर आदि व्यापारी मौजूद रहे।