मुजफ्फरनगर के भोपा में प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी एक युवती को पिता और भाई ने नहर में फेंक दिया। राहगीरों ने उसको बचाया। पीड़िता ने बाप और भाई के विरुद्ध हत्या करने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना सोमवार रात की है। भोपा थाना क्षेत्र के ग्राम निरगाजनी निवासी युवती को पिता ने बेटे के साथ मिलकर हत्या के इरादे से उसे थाना क्षेत्र के ही ग्राम बेलड़ा पुल से नहर में फेंक दिया।
बताया गया है कि निरगाजनी निवासी युवक अपने परिवार के साथ छत्तीसगढ़ में क्रेशर पर मजदूरी करने गए ककरौली निवासी की बेटी से वहीं, पर काम करने वाले युवक का प्रेमप्रसंग हो गया। इसकी भनक जब युवती के पिता को लगी तो उसने बड़ी बेटी के भंडूरा गांव भेज दिया।
चार दिन पूर्व युवती का परिवार अपने गांव निरगाजनी आ गया। सोमवार देर रात की घटना का हवाला देते हुऐ पीड़ित युवती ने थाने पर प्रार्थना पत्र देते हुए पुलिस को बताया कि वह ढांसरी निवासी युवक से शादी करना चाहती है।
जिस पर पिता और भाई देर रात उसे बाइक पर बैठाकर चल दिए। पास के ही ग्राम बेलड़ा गंगनहर पुल पर ले जाकर उसे नहर में फेंक दिया और फरार हो गए। इसी दौरान उसके चीखने-चिल्लाने का शोर सुनकर आसपास के कुछ लोग आ गए, जिन्होंने उसे नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने बाप-बेटे के विरुद्ध मुकदमा कायम कर दिया और लड़की को महिला थाने भेज दिया। जहां से लड़की को उसकी बहन और बहनोई की सपुर्दगी में दे दिया। दोनों आरोपी पुलिस पकड से दूर हैं।