मोती झील पुल तक पैदलयात्रा, फिर सेना ने संभाली व्यवस्था
शहीद प्रशांत शर्मा की अंतिम यात्रा उनके बुढ़ाना मोड़ स्थित घर से जनसैलाब के साथ गमगीन माहौल व देशभक्ति के जज्बे के साथ शुरू हुई। एसएसपी अभिषेक यादव के साथ ही डीएम सेल्वा कुमारी जे ने भी शहीद के पार्थिव शरीर को सम्मान दिया।
मंत्रियों के साथ एसएसपी ने भी अंतिम सफर में पार्थिव शरीर को कांधा दिया। शहीद के पार्थिव शरीर को पैदल ही चरथावल मोड़ से आगे मोती झील पुल तक लाया गया, जहां से शव को सेना के वाहन में रखा गया।
सेना के वाहन के आगे मेरठ से आई जाट रेजीमेंट के जवान पूरे सम्मान के साथ लेकर कदम चाल में आगे-आगे चलते रहे। सेना की व्यवस्था को युवाओं ने भी पूरा सहयोग किया और सड़क के दोनों ओर मानव श्रृंखला बनाकर भीड़ को बीच में घुसने से बचाते रहे। इसके बाद आत्मबोध श्मशान घाट पहुंचकर शहीद के पार्थिव शरीर का पूर्ण विधि-विधान के अनुसार अंतिम संस्कार कर दिया गया।