मुजफ्फरनगर। जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना के सात नए केस मिले हैं। इनमें पांच शहर में और दो देहात में मरीज पाए गए। इनमें तीन लोग ऐसे हैं, जो दिल्ली से सफर करके आए थे, जांच कराने पर पॉजिटिव आए है। जनपद में अब कोरोना के मरीज बढ़ कर 56 हो गए है।
सीएमओ डॉ. एसके अग्रवाल ने बताया कि 861 सैंपलों की जांच आई, जो सभी निगेटिव है। एंटीजन जांच में सात मरीज पाए गए। बृहस्पतिवार को रोडवेज और बस स्टैंड पर दिल्ली और अन्य प्रांतों से आने वालों की जांच की गई। बस स्टैंड पर एंटीजन टेस्ट कराए गए, जिनमें तीन लोग संक्रमित आए। गांव तिस्सा निवासी दो और एकता विहार निवासी एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आए। ये दिल्ली से आए है। इनके अलावा साकेत कालोनी में दो और साउथ सिविल लाइंस में एक मरीज मिला है। ये मरीज परिजनों के संपर्क में आने से कोरोना संक्रमित हुए। इनके परिवार में पहले से ही कोरोना मरीज है, जिनका इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर दूसरे प्रांतों से आने वाले यात्रियों की जांच शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को दो मरीज स्वस्थ हुए है। जिले में अब रैंडम सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू की गई है। रोजाना करीब 1500 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे है। दूसरे प्रांतों से सफर करके आने वाले यात्रियों को स्वास्थ्य विभाग में आकर अपनी कोरोना जांच हर हाल में करानी चाहिए।
विधायक ने लगवाई कोरोना वैक्सीन
पुरकाजी। कस्बा स्थित पीएचसी में विधायक प्रमोद उंटवाल ने प्रभारी डॉ अरुण कुमार से मिलकर कोरोना वैक्सीनेशन की जानकारी ली। इस दौरान विधायक ने खुद भी कोरोना वैक्सीन लगवाई। पीएचसी प्रभारी डॉ अरुण कुमार ने बताया कि केंद्र पर लगातार कोरोना वैक्सीन के टीके लगाए जा रहे हैं। निर्धारित उम्र का कोई भी व्यक्ति केंद्र पर आकर कोरोना का टीका लगवा सकता है।