हार्ट क्लीनिक में मिले सात कोरोना मरीज
मुजफ्फरनगर। शहर के आर्यपुरी रोड स्थित हार्ट क्लीनिक में सीएमओ की आकस्मिक जांच में सात कोरोना मरीज मिलने से हड़कंप मच गया। इनमें क्लीनिक का स्टाफ व मरीज-तीमारदार भी शामिल हैं। मामले में सीएमओ की तरफ से क्लीनिक संचालक के खिलाफ कोविड-19 की नियमावली के उल्लंघन के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
स्वास्थ्य विभाग को पिछले कुछ समय से शहर के निजी अस्पतालों में कोविड-19 के नियमों की अवहेलना कर कोरोना मरीजों का उपचार कराने की शिकायतें मिल रहीं थीं। सीएमओ डॉ प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि इन्ही शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार शाम आर्यपुरी रोड स्थित हार्ट क्लीनिक इमरजेंसी केयर सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान आरआरटी टीम द्वारा नर्सिंग होम के समस्त स्टाफ केस साथ ही वहां भर्ती मरीजों व उपस्थित तीमारदारों का कोरोना टेस्ट कराया गया। इसमें छह कर्मचारी और एक मरीज की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई। आरोप है कि नर्सिंग होम में कोविड-19 के सामान्य नियमों के साथ ही इंफेक्शन प्रीवेंशन कंट्रोल के नियमों का भी उल्लंघन पाया गया। इस पर सीएमओ की ओर से नर्सिंग होम संचालक डॉक्टर देवेंद्र सैनी के खिलाफ कोविड-19 नियमावली के उल्लंघन के आरोप में तहरीर दी गई। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि मामले में सीएमओ की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।