दी गुड़ खांडसारी एंड ग्रेन मर्चेंट्स एसोसियेशन ने 500-1000 के नोट बंद होने के बाद बैंकों में होने वाली मारामारी को देखते हुए मंडी व्यापारियों के लिए बैंकों में अलग काउंटर खोलने की मांग की। एडीएम वित्त सुनील सिंह को दिए ज्ञापन में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि उन्हें किसानों का प्रतिदिन भुगतान करना होता है।
बैंकों में नोट बदलने वालों की मारामारी रहेगी। ऐसे हालात में व्यापारियों के सामने संकट पैदा होगा। भारत सरकार के इस फैसले व्यापारियों के सामने एकदम वित्तीय संकट खड़ा हो जाएगा। बैंक 24 घंटे खुलने चाहिए और व्यापारी वर्ग को सहूलियतें दी जानी चाहिए।
शनिवार और रविवार को भी बैंकों में काम होना चाहिए। जब तक मुद्रा का आदान-प्रदान नहीं होगा, बाजार सिस्टम पर नहीं आ पाएगा। प्रतिनिधिमंडल में संजय मित्तल, श्याम सिंह सैनी, हरिशंकर मूंधडा, राजेंद्र, सुरेंद्र, अचिंत, अरविंद, संजय, पुनीत, जगबीर सिंह, कृष्णचंद मूंधडा, राजेश गोयल, श्याम सुंदर बेडिया, मुकेश जैन आदि मौजूद रहे।