अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। जिला सहकारी बैंक की संचालक मंडल की बैठक में किसानों के गन्ना भुगतान के लिए स्योहारा और मोरना चीनी मिलों की अलग-अलग 134 करोड़ रुपये की बंधक ऋण सीमा स्वीकृत की गई। बैंक की सभी शाखाओं के सुंदरीकरण का निर्णय लिया गया है।
कोर्ट रोड स्थित शाखा पर प्रबंध कमेटी की बैठक की अध्यक्षता सभापति ठाकुर रामनाथ सिंह ने की। इसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अभियान के अंतर्गत बैंक शाखाओं को आकर्षक, साफ सुथरी, एवं ग्राहक हितैषी शाखाओं के रूप में परिवर्तित किया जाएगा।
अभियान में प्रदर्शन के आधार पर शाखाओं को रैंकिंग प्रदान करते हुए प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाली शाखाओं को पुरस्कृत किया जाएगा। कर्मचारियों के रिक्त पदों के सापेक्ष अधियाचन प्रेषित करने, बैंक में सतर्कता नीति, ग्राहक शिकायत निवारण नीति लागू करने का निर्णय भी पारित किया गया।
16 दिसंबर को बैंक की 90वीं सामान्य निकाय की बैठक आयोजित करने की रणनीति पर भी संचालक मंडल ने विचार किया। बैंक सचिव राजेश कुमार ने एजेंडा प्रस्तुत किया। उपसभापति मुकेश कुमार जैन, संचालक दिनेश, राहुल, राजू अहलावत, अनार सिंह, आशीष चौधरी, सुनीता देवी, निधि, बिजेंद्र सिंह, अमित चौधरी मौजूद रहे।