बैंकों की सुरक्षा को देनी होगी प्राथमिकता
जानसठ। एसपी देहात नेपाल सिंह ने बैंक के सभी प्रबंधकों की बैठक लेकर उन्हें बैंक की सुरक्षा को लेकर दिशा निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने कोतवाली का निरीक्षण किया। उन्होंने एक कोतवाली के हेडमोहर्रिर व एक सिपाही का कार्य संतोषजनक पाए जाने पर नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
एसपी देहात नेपाल सिंह द्वारा कोतवाली में कस्बे व क्षेत्र के समस्त बैंक शाखा प्रबंधक की बैठक लेकर बैंकों की सुरक्षा के उपाय बताए। उन्होंने बैंकों में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरे व सायरन को तुरंत सही कराने के दिशा निर्देश दिए। सुरक्षा को लेकर बरती जा रही लापरवाही करने वाले शाखा प्रबंधक को शीघ्र सभी सुरक्षा के उपाय रखने के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सभी बैंकों का निरीक्षण किया जाएगा। सुरक्षा इंतजाम सही न पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। बैठक के बाद उन्होंने कोतवाली के समस्त स्टाफ की बैठक लेकर विवेचना के निस्तारण, शस्त्र, मालखाने, मैस आदि का निरीक्षण भी किया। विवेचना का निस्तारण, रिकॉर्ड व ऑफिस रिकॉर्ड का रखरखाव संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने हेडमोहर्रिर प्रमोद शर्मा तथा कस्बे के चौकी में तैनात कांस्टेबल कुलदीप कुमार को नगद इनाम देकर सम्मानित किया। वहीं, उन्होंने बताया कि कस्बा के चौकी इंचार्ज चंद्रसेन सैनी का कार्य संतोषजनक पाए जाने पर उनका नाम सम्मान के लिए कुछ दिन पूर्व ही शासन को भेजा गया है। बैठक में सीओ धनंजय कुशवाह, एसएसआई संतोष गौतम, अजब सिंह, राजकुमार शर्मा, अंकित भाटी समेत समस्त स्टाफ मौजूद रहा।