राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 12 छात्र चयनित
मुजफ्फरनगर। इंसपायर अवार्ड मानक योजना के अन्तर्गत एसडी इंजीनियरिंग कॉलेज में जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में मेरठ, बागपत, बिजनौर, शामली व सहारनपुर जिलों के बाल वैज्ञानिकों ने हिस्सा लेकर मॉडल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक गजेेन्द्र कुमार रहे। नोडल अधिकारी डॉ विकास कुमार ने बताया कि छह जिलों के 12 बाल वैज्ञानिकों के मॉडल का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। बागपत जिले से सागर द्वारा बनाए गए बायो टायलेट मॉडल व अवनी खोखर के एनर्जी डिवाइस मॉडल, जिला बिजनौर के बिलाल अहमद के स्वच्छता कोच मॉडल, व आकर्ष अग्रवाल के ओजोन फ्रेंडली एयर कूलिंग सिस्टम मॉडल, जिला मेरठ के वैष्णवी के फुट स्टैप मॉडल व अनुन्य सिंह के प्रोजेक्ट सुरक्षा मॉडल व आफरीन के हाइड्रोपोनिक्स मॉडल, सहारनपुर जिले के इशिका के स्मार्ट स्कूल मैनेजमेन्ट सिस्टम मॉडल व साइबा के स्मार्ट क्लीनिंग कार मॉडल और जिला शामली के अवनी अग्रवाल के अल्ट्रा सोनिक ब्लाइंड स्ट्रीक मॉडल का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। जिले के स्नातक धर्म इण्टर कालेज मीरापुर के छात्र जसवीर धारीवाल के ईको डस्टबीन मॉडल व सीताशरण इण्टर कालेज खतौली के छात्र वैभव के एग्रीकल्चर ड्रोन मॉडल का चयन भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक गजेन्द्र कुमार ने सभी बाल वैज्ञानिकों की सराहना की व प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया।