स्कूल प्रबंधक रखें छात्रों का ध्यान
मुजफ्फरनगर। जागरूक अभिभावक मंच समिति की बैठक बुधवार को हनुमान चौक पर हुई। बैठक में समिति के अध्यक्ष राहुल गोयल ने कहा कि 24 मार्च से लॉकडाउन लगने के बाद से ही स्कूल अब तक लगातार बंद हैं।
शासन ने 19 अक्टूबर से स्कूल-कॉलेज खोलने की अनुमति तो दे दी है, लेकिन अभी भी कोरोना वायरस की दहशत बरकरार है। ऐसे में स्कूल खुलने के बाद जरूरी है कि अभिभावक बच्चों के स्कूल कॉलेजों द्वारा कोविड-19 की सुरक्षा गाइडलाइन का पालन करने की स्थिति पर नजर रखें, क्योंकि हमारे बच्चे अनमोल हैं। स्कूल कक्षाओं में रोज तीन बार सैनिटाइजेशन होने के साथ ही स्कूल स्टाफ मास्क, फेस कवर व हैंड ग्लब्स का इस्तेमाल लगातार करें और बच्चों के हाथ लगातार साफ कराने के साथ ही सैनिटाइज भी कराते रहें। जब तक कोरोना की वैक्सीन नहीं आती, विद्यार्थियों की सुरक्षा का हर तरह से स्कूल ध्यान रखें। समिति के महासचिव आजम शम्शी एडवोकेट ने कहा कि गाइडलाइन का पालन नहीं करने पर स्कूल प्रबंधन की शिकायत तत्काल संबंधित अधिकारियों से की जाए। श्रवण कुमार, पवन बंसल, अंकुर जैन, ठाकुर कंवरपाल, मोहम्मद तौसीफ, नवीन, जोगिंदर एडवोकेट, अमित गुप्ता एडवोकेट, अभिनव एडवोकेट, प्रमोद टांक, रहमान, संजय कश्यप, बिजेंद्र और अशोक गर्ग आदि मौजूद रहे।