मुजफ्फरनगर जनपद में खतौली में अनुसूचित जाति के युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गांव में तनाव बना हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं युवक की हत्या के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों की तहरीर पर पुलिस ने मामले में चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं वारदात से ग्रामीणों में रोष है।
गांव जसोल निवासी अंकित (21) पुत्र रणवीर को गांव के ही कुछ युवकों ने अपने घर बुलाकर उसकी हत्या कर दी। देर रात करीब 1:00 बजे पुलिस गांव में पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना की तहरीर मिल गई है। एक आरोपी नामजद और तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।