मुजफ्फरनगर। प्रदेश के राज्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। मंडी में गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण कर किसान भवन को खोलने के आदेश दिए। उन्होंने मंडी के खराब वाटर कूलर और सड़कों का तत्काल निर्माण कराने के निर्देश दिए।
जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी, स्पेशल वार्ड, तीमारदार कक्ष का निरीक्षण किया। अस्पताल में मरीजों और तिमारदारों से बात की और परेशानियों के बारे में पूछा। उन्होंने कोरोना लैब, महिला वार्ड, पुरुष वार्ड, स्पेशल वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, नर्स ड्यूटी आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि दवाई की उपलब्धता ठीक रहे। अफसरों से कहा कि अस्पताल में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निर्वाल, सीएमओ डॉ एमएस फौजदार, सीएमएस डॉ राकेश, सीडीओ आलोक यादव, बीजेपी जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, वैभव त्यागी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्र ग्राम रामपुर स्थित गौशाला पहुंचे और गौ पूजन किया। आश्रय स्थल पर 87 निराश्रित गौवंश संरक्षित मिले। इसके पश्चात मंत्री ने मनरेगा, ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत के तहत बनाए जा रहे अमृत सरोवर तालाब जीर्णोद्धार एवं चबूतरों का शिलान्यास कर पौधरोपण किया। ग्राम रामपुर में खुली चौपाल लगाकर ग्राम वासियों से वार्ता की। ग्राम वासियों ने बिजली समस्या, छुट्टा गोवंश आदि की शिकायत की।
प्रभारी मंत्री ने नवीन मंडी स्थल पर पहुंचकर गेहूं क्रय केंद्र को देखा। रविवार की छुट्टी होने के कारण केवल एक ही क्रय केंद्र खुला मिला। मंत्री ने कृषि उत्पादन मंडी समिति की डिप्टी डायरेक्टर रिंकी जायसवाल को निर्देश दिए कि मंडी के वाटर कूलर तुरंत सही कराए जाए। मंडी स्थित किसान भवन को किसानों के लिए खोला जाए। टूटी सड़कों का प्रस्ताव बनाकर तुरंत निर्माण कराए। इस अवसर पर एसोसिएशन के मंत्री श्याम सिंह सैनी, अचिंत मित्तल, जितेंद्र कुच्छल आदि मौजूद रहे।
मंत्री जी जिले में पुलिस हमारी नहीं सुनती
गेस्ट हाउस पर पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक में संगठन को लेकर चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है। इस पर मंत्री ने कार्यकर्ताओं की शिकायत पर एसएसपी अभिषेक यादव को फोन किया और अभद्रता करने वाले टीएसआई वीर अभिमन्यु पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसएसपी ने टीएसआई पर कार्रवाई की। भाजपा जिला उपाध्यक्ष रोहताश पाल ने धनगर समाज के प्रमाण पत्र, सुनील दर्शन ने रामलीला टिल्ला क्षेत्र में पानी और जिला उपाध्यक्ष नितिन मलिक ने नलकूप कनेक्शन का मुद्दा उठाया। मंत्री ने समाधान का भरोसा दिया।
छह मांगों को लेकर दिया ज्ञापन
द गुड़ मंडी एसोसिएशन ने अपनी छह मांगों को लेकर प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में गुड़ का अवैध कारोबार बंद कराने, प्रोपराइटर फर्म में पार्टनर बनाने की इजाजत देने, मंडी समिति को पोर्टल को बड़ा करने, दुकानों गोदामों के किराए आदि पर मंडी समिति द्वारा लिए जा रहे जीएसटी को तुरंत चढ़वाने, मंडी शुल्क समाप्त करने की मांग रखी गई। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष संजय मित्तल, मंत्री श्याम सिंह सैनी, अचिंत मित्तल आदि रहे।
दो चौकी प्रभारी व टीएसआई लाइन हाजिर
मुजफ्फरनगर। एसएसपी अभिषेक यादव ने रविवार दोपहर दो चौकी प्रभारियों व टीएसआई को आमजन के साथ व्यवहार सही न रखने पर लाइन हाजिर कर दिया। टीएसआई पर भाजपा नेता के साथ अशालीन व्यवहार करने का आरोप है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिसकर्मियों को आमजन के प्रति अपना व्यवहार मधुर रखने के साथ ही सभ्यता के साथ बात करने के लिए आदेश जारी किए हुए है। इसी के चलते पुलिस अधिकारी भी बैठकों में समय समय पर मुख्यमंत्री के आदेश से सभी पुलिसकर्मियों को अवगत कराया जाता है। शनिवार को एसएसपी को तीन शिकायती मिली। एसएसपी ने जांच कराकर थाना सिखेडा के पुलिस चौकी प्रभारी ब्रजभूषण शर्मा व शहर कोतवाली के रोहाना चौकी प्रभारी अखिल चौधरी के साथ ही टीएसआई वीर अभिमन्यु को लाइन हाजिर कर दिया। टीएसआई पर भाजपा नेता से अभद्रता करने का आरोप है। एसएसपी अभिषेक यादव ने कहा कि आमजन व फरियादियों के साथ अभद्रता करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।-संवाद