सत्याग्रह आश्रम में विनोबा भावे को दी गई श्रद्धांजलि
मुजफ्फरनगर। देश में गरीबों के उत्थान के लिए आंदोलन चलाने वाले विनोबा भावे को पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया गया। विजय सिंह सहित अन्य लोगों ने सत्याग्रह आश्रम में विनोबा भावे की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि विनोबा भावे ने गरीब भूमिहीन मजदूरों के लिए भूदान आंदोलन चलाया था, जिसमें उन्होंने लाखों बीघा जमीन गरीबों को वितरित कराई थी। वे गरीब किसान मजदूरों के मसीहा थे। वे भारत से गरीबी समाप्त करना चाहते थे। महात्मा गांधी के बहुत बड़े अनुयायी थे। गांधी के कुछ शेष कार्य पूरा करने के लिए उन्होंने काफी प्रयास किया। उन्होंने पूरा जीवन गरीब मजदूरों के उत्थान के लिए काम किया। आंदोलनकारी विजय सिंह ने कहा कि जिन लोगों ने सरकारी और वन विभाग, गंगा और यमुना की जमीन कब्जाई है, उनसे खाली कराई जानी चाहिए। जो लोग भूमिहीन है उनमें वितरित होनी चाहिए। यही विनोबा भावे को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। होतीलाल शर्मा ने कहा कि विनोबा भावे गरीबों में बसते थे, उनका हर पल गरीबी में बीता था। सनी धीमान ने कहा कि हमें गरीबी समाप्त करने के लिए विनोबा भावे के भूदान आंदोलन को चलाना चाहिए। इस अवसर पर महापुरुषों के सम्मान में नारे लगाए गए। कार्यक्रम में भूषण सिंह, टिंकू सिंह, डॉ बृजपाल सिंह, आचार्य सुरेंद्र सिंह, रोहताश, जहीर अहमद, सईद अहम, सोमपाल आदि ने भाग लिया।