पुरकाजी नगर पंचायत कर्मचारियों से वार्ता करते प्रभारी निरीक्षक व चेयरमैन जहीर फारूकी
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सफाई व्यवस्था ठप कर धरने पर बैठे सफाई कर्मचारी
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। थाने में तैनात एक सब इंस्पेक्टर के व्यवहार से नाराज सफाई कर्मचारियों ने नगर पंचायत कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नगर की सफाई व्यवस्था ठप रखी और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की गई।
नगर पंचायत कर्मी अश्वनी कुमार का घर के सामने कूड़ा डाल देने को लेकर सोमवार रात पड़ोसी से विवाद हो गया था। पंचायतकर्मी ने थाने पर शिकायत दर्ज कराई थी। उसका आरोप है कि फैसला करने का दबाव बनाकर कस्बा इंचार्ज सब इंस्पेक्टर ने उन्हें ही थाने में बैठा लिया। जिसके विरोध में सफाई नायक के नेतृत्व में पंचायत कर्मी मंगलवार को थाने पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक से मिलकर रोष प्रकट किया। जिस पर प्रभारी निरीक्षक ने दोनों पक्षों में फैसला कराकर उन्हें छोड़ दिया था। इससे नाराज पंचायतकर्मी बुधवार को कस्बे की सफाई व्यवस्था ठप कर सवेरे नौ बजे नगर पंचायत कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए।
उन्होंने पुलिस के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। करीब दो बजे प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह व चेयरमैन जहीर फारूकी, ईओ मनोज यादव धरनारत कर्मचारियों के बीच पहुंचे। इस दौरान कर्मचारियों ने नाराजगी जाहिर की। प्रभारी निरीक्षक ने प्रकरण में खेद प्रकट किया, जिसके बाद कर्मचारी काम पर लौट गए। इस दौरान सफाई नायक रविकांत, सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रमेश कांगड़ा, अश्वनी कुमार, उजेफा, विशाल, भूमि चंद, नीरज कुमार, मेनपाल आदि मौजूद रहे।