शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने रुमा हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसके पति सहित चार आरोपियों को जेल भेज दिया। डेढ़ माह से लापता रुमा की पति ने दूसरी पत्नी के साथ मिलकर बरेली में हत्या करने के बाद शव को रामपुर जिले में बिटौड़े में रखकर फूूंक दिया था।
सीओ बुढ़ाना विनय गौतम ने शुक्रवार को शाहपुर थाने में प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि गांव पलड़ी निवासी धर्मपाल सैनी की बेटी रुमा की शादी अप्रैल 2014 में बुढ़ाना के गांव लुहसाना निवासी नीरज सैनी से हुई थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। नीरज बरेली में किसी कंपनी में काम करता है। रुमा गांव लुहसाना में ही रहती थी। वर्ष 2019 में नीरज ने फुगाना के गांव हबीबपुर निवासी शिल्पा के साथ दूसरी शादी कर ली और उसे बरेली ले गया। रुमा को इसकी भनक लगी तो नीरज करीब डेढ़ माह पूर्व उसे भी बरेली ले गया, जिसके बाद से मायके पक्ष की उससे बात नहीं हो पा रही थी।
रुमा के पिता धर्मपाल ने 21 फरवरी को शाहपुर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने बरेली पहुंचकर नीरज व उसकी दूसरी पत्नी शिल्पा से पूछताछ की तो उन्होंने रुमा की 18 जनवरी को ही करंट लगाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को कार में डालकर रामपुर के थाना शहजाद नगर के गांव मेधा नंगला कदीम के पास रखे बिटौड़े में डालकर फूंक दिया था। मामले में आरोपी पति नीरज के साथ ही उसकी दूसरी पत्नी शिल्पा, ससुर कंवरपाल व सास संतोष को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल तार व कार भी बरामद कर लिए गए हैं।