संवाद न्यूज एजेंसी
रतनपुरी। चीनी मिल पर कम इंडेंट जारी करने का आरोप लगाते हुए किसानों ने गन्ना सप्लाई करने वाले वाहनों को रोक दिया। मिल अधिकारियों के 15 सौ क्विंटल प्रतिदिन के हिसाब से इंडेंट जारी करने के आश्वासन दिया, जिस पर किसान शांत हुए। किसानों ने खतौली शुगर मिल के गन्ने की सप्लाई वाले वाहनों को करीब तीन घंटे तक रोके रखा।
किसान तरसपाल चेयरमैन ने बताया कि रतनपुरी गन्ना तौल केंद्र पर खतौली शुगर मिल की ओर से कम इंडेंट जारी किया जा रहा है। आगे गर्मी के मौसम में गन्ना छिलाई के लिए मजदूरों का मिलना कठिन हो जाएगा। अभी भी खेतों में बड़ी मात्रा में गन्ना खड़ा है, लेकिन शुगर मिल द्वारा कम पर्ची जारी की जा रही हैं।
गेहूं कटाई का समय शुरू होने से गन्ने की छिलाई प्रभावित होगी। किसान संदीप सोम ने बताया कि रतनपुरी गन्ना तौल केंद्र पर पर्ची के मामले में दसवें हफ्ते का 11वां कॉलम चल रहा है। बुढ़ाना क्षेत्र के तौल केंद्रों पर 11वें हफ्ते का आठवां कॉलम चल रहा है, जिससे किसानों में रोष व्याप्त है।
किसानों ने रतनपुरी में गन्ना तौल केंद्र पर शुगर मिल में गन्ना सप्लाई करने वाले ट्रकों व ट्रैक्टर ट्रॉलों को सड़क पर ही रोककर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान शुगर मिल के अधिकारियों को अपने बीच बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
किसान तौल केंद्र पर ही धरना देकर बैठ गए। इसके बाद शुगर मिल से जोनल इंचार्ज अमित पुंडीर किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने किसानों को काफी देर तक समझाया। किसान तत्काल बढ़ा हुआ इंडेंट जारी करने की मांग पर अड़ गए। जोनल इंचार्ज अमित पुंडीर ने फोन पर शुगर मिल के गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप राठी और सहायक गन्ना महाप्रबंधक एके सिंह से वार्ता की। उन्होंने प्रतिदिन 15 सौ क्विंटल का इंडेंट जारी करने का आश्वासन दिया।
किसानों ने उनके मोबाइल पर पर्ची का मैसेज आने तक वाहनों को न जाने देने की बात कही। इसके बाद गन्ना सोसाइटी से पर्ची जारी की गई। मोबाइल पर अतिरिक्त पर्ची का मैसेज आने पर किसानों ने गन्ना वाहनों का जाम खोल दिया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों को वनवे करवाकर निकलवाया।
इस दौरान करीब तीन घंटे तक सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। धरना प्रदर्शन करने वालों में संदीप सोम, तरसपाल चेयरमैन, विक्रम सोम, मोनू सोम, लवकुश सोम, पवन कुमार, ओमकार, श्रीनिवास, नरेश भगत, जयप्रकाश, कुंवर सिंह मौजूद रहे।