मुजफ्फरनगर के कोतवाली नई मंडी में प्रदर्शन करते अवध विहार निवासी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
हत्या का आरोप लगाकर परिजनों का थाने पर हंगामा
मुजफ्फरनगर। अवध विहार से लापता व्यक्ति का शव सरधना नहर में मिलने के बाद परिजनों ने मृतक की पत्नी व उसके जीजा पर हत्या का शक जताते हुए मंडी कोतवाली पर हंगामा कर कार्रवाई की मांग की। उधर, आरोपी पत्नी ने भी अपने दो नंदोई पर शक जताया है। मामला उलझ कर पुलिस का सिरदर्द बन चला है। शव का सोमवार सवेरे अंतिम संस्कार कर दिया गया।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अवध बिहार निवासी 37 वर्षीय रवि 17 दिसंबर को रहस्यमय हालातों में लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी 19 दिसंबर को दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, पांच दिन पहले उनकी बाइक व चादर रतनपुरी नहर किनारे मिले थे। पास में शराब के खाली पव्वे पड़े थे। बाइक रतनपुरी थाने में है। रवि को तलाशा जा रहा था। रविवार दोपहर सरधना पुलिस ने नहर में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना दी। शव का फोटो भी भेजा था। पुलिस ने रवि के परिजनों को फोटो दिखाया, जिसकी पहचान रवि के रूप में हुई।
इसके बाद परिजन मंडी पुलिस के साथ मेरठ मोर्चरी पहुंचे थे। शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन घर ले आए थे। सोमवार सुबह परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। बाद में मृतक के माता मांगी देवी अपने दर्जनों परिजनों-रिश्तेदारों के साथ मंडी कोतवाली पहुंचे। सभी ने मृतक की पत्नी व उसके जीजा पर रवि की हत्या का शक जताया। कार्रवाई की मांग कर हंगामा भी किया। तब पुलिस ने आरोपी महिला से पूछताछ की, लेकिन उसने कुछ जानकारी होने से इंकार किया और आरोप को गलत ठहराया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी ने अपने दो नंदोई पर शक जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।