मोरना। मोरना मंडल के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यवाह की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भोपा क्षेत्र के गांव मोरना निवासी संघ कार्यवाह 21 वर्षीय अंकित पुत्र सोहनलाल अपने दोस्त आशु को छोड़ने के लिए शुकतीर्थ जा रहा था। रास्ते में गांव इलाहबास के करीब भैंसा बुग्गी से अंकित की बाइक टकरा गई, जिसमें अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस द्वारा मोरना के सरकारी अस्पताल में लाया गया। हालत गंभीर होने के चलते अंकित को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। अंकित की मौत की खबर मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। अंकित अपने पीछे माता बृजेश, 9 माह की गर्भवती पत्नी तृप्ता, भाई संतराम पवन व बहन कीर्तिका को रोते बिलखते छोड़ गया है। वहीं घायल साथी आशु को गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।