मुजफ्फरनगर। गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर बढ़ रहे कांवड़ियां शहर के रुड़की रोड पर पहुंचे तो पुलिस-प्रशासन के इंतजाम कम पड़ गए। दिनभर यहां जाम की स्थिति रही। पुलिस की अदूरदर्शिता के चलते छोटे-बड़े वाहन चालकों के साथ ही पैदल यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रूट करना था डायवर्ट, जाम से जूझते रहे लोग
कांवड़ यात्रा के दौरान नगर में जाम न लगे। इसके लिए प्रशासन को अहिल्याबाई चौराहे से लद्घावाला व घास मंडी मार्ग से रूट डायवर्ट करना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। परिणाम स्वरुप नगर रुड़की रोड़ से शिव चौक, मीनाक्षी चौक तक जाम के हालात बने रहे। सीओ सिटी कुलदीप सिंह का कहना है कि पुलिस तैनात की गई थी, काफी संख्या में कांवड़िए पहुंचे हैं, जिससे कई बार जाम की स्थिति बनीं। पुलिस ने जाम खुलवाया।
कांवड़ियों ने संभाली व्यवस्था
कांवड़ के वाहनों के शिव चौक के पास पहुंचने पर व्यवस्था बेहद बिगड़ रही थी, क्योंकि शिव चौक से हरियाणा जाने वाले कांवड़ वाहन मुड़ रहे थे। यहां व्यवस्था संभालने के लिए कुछ ही पुलिसकर्मी थे, वह भी दोपहर बाद इधर उधर आते जाते रहे। जिस कारण कांवड़ियों ने खुद व्यवस्था संभाली।
भगत सिंह रोड़ पर हालात खराब
हरिद्वार से आकर हरियाणा जाने वाले कांवड़ियों के वाहन शिव चौक से भगत सिंह रोड़ की तरफ जा रहे थे। यह मार्ग बेहद व्यस्त व संकरा हैं। इसके इतर, इस मार्ग पर कांवड़ियों के वाहन फर्राटा भर रहे थे। यहां हादसे की संभावना बनी थी। इसके बावजूद इस मार्ग पर कोई व्यवस्था नही की गयी थी।
जाम से जूझतेे रहे कांवड़िए
गंगा जल लेकर हरिद्वार से लौट रहे शिव भक्त कांवड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाइक नगर में जाम से निकालने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान कई बार हादसे होने से बचे।
सभी शिवालयों पर पुलिस तैनात
सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने बताया कि सुबह पांच छह बजे से सभी शिवालयों में पुलिस की ड्यूटी लगायी गई हैं। डाक कांवड़ सकुशल चलती रहे, इसके लिए नगर में सभी चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया जा रहा हैं।
मुजफ्फरनगर में रुडकी रोड पर लगे जाम में फसी डाक कावड। एवं अव्यवस्था के चलते लगा जाम।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर से गुजरती डाक कावड एवं अव्यवस्था के चलते लगा जाम।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
तिरंगा लेकर मुजफ्फरनगर से गुजरती डाक कावडिये।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
हरिद्वार से स्कूटर से डाक कावंड लेकर मुजफ्फरनगर के गुजरता भोला।- फोटो : MUZAFFARNAGAR