संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर। थाना क्षेत्र के गांव तावली में मकान का लिंटर तोड़ते समय अचानक छत गिर गई। हादसे में मकान मालिक मंगता की मौत हो गई और उनका बेटा शाहिद गंभीर घायल हो गया। घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
गांव तावली में दोपहर के समय किसान मंगता अपने बेटे शाहिद के साथ मिलकर अपने मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे की छत का लिंटर तोड़ रहा था। अचानक छत गिर गई। हादसे में मंगता (50) के सिर में अत्यधिक चोट लग जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके 18 वर्षीय बेटे शाहिद को गंभीर चोट आई है। आनन-फानन में घायल को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने उसे खतरे से बाहर बताया है। हादसे के बाद एसडीएम सदर परमानंद झा, तहसीलदार संजय सिंह, नायब तहसीलदार अमित कुमार पुलिस बल को साथ लेकर मौके पर पहुंच गए। एसडीएम सदर परमानंद झा ने बताया कि मंगता के लड़के नूर हसन ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। मौके पर लोगों को समझाया गया कि सरकारी सहायता बिना पोस्टमार्टम के नहीं मिलती है। इसके बावजूद परिजन तैयार नहीं हुए। घायल का उपचार चल रहा है और वह खतरे से बाहर है। गांव में गम का माहौल है।