मुजफ्फरनगर। गांव रोनी हरजीपुर का चयन मॉडल सोलर ग्राम के रूप में किया गया है। अब गांव में सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये के सोलर पावर प्लांट सरकारी भवनों पर लगाए जाएंगे। सीडीओ कमल किशोर कंडारकर ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक घरों पर सोलर पावर प्लांट लगाने के लिए प्रेरित हुए गांव के चयन की घोषणा की।
विकास भवन सभागार में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना व मॉडल सोलर ग्राम के चयन को लेकर बैठक हुई। अध्यक्षता करते हुए सीडीओ ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत नियमानुसार ऋण उपलब्ध कराने और वेंडर्स एवं उपभोक्ताओं से अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए।
इसके बाद चरथावल विकास क्षेत्र के गांव रोनी हरजीपुर को मॉडल सोलर ग्राम घोषित किया गया। परियोजना प्रभारी नेडा भजन सिंह ने बताया कि मॉडल सोलर गांव के चयन की प्रक्रिया कई माह पहले शुरू की गई थी। प्रत्येक ब्लाॅक में पांच हजार से अधिक आबादी वाले ऐसे गांव की सूची बनाई गई जहां सोलर पावर प्लांट लगे हैं।
बताया कि चरथावल क्षेत्र के गांव रोनी हरजीपुर में सर्वाधिक 21 प्लांट पाए गए। गांव को मॉडल सोलर ग्राम के रूप में चयनित किया गया। बताया कि गांव पांच प्लांट योजना से अलग लगे हैं। जबकि जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी पर लगा पंप भी सोलर ऊर्जा से संचालित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पीएम कुसुम-2 योजना के तहत सोलर बिजली घर भी गांव रोनी हरजीपुर में ही स्थापित हो रहा है। बताया कि मॉडल सोलर ग्राम चयनित पर गांव को सरकार की ओर से एक करोड़ रुपया प्रोत्साहन धनराशि दी जाएगी।
जिसका उपयोग सरकारी भवनों जैसे स्कूल, पंचायत भवन और स्वास्थ्य केंद्र पर सोलर पावर प्लांट लगाने में किया जाएगा। बताया कि जनपद में पीएम सूर्य घर योजना का लक्ष्य 4702 है। इसके सापेक्ष 3651 लाभार्थियों के यहां सोलर संयंत्र स्थापित कराए गए है। जिसमें 3021 लाभार्थियों को अनुदान प्राप्त हो चुका है। जनपद में वर्तमान में 54 वैंडर्स कार्यरत है।