मंगलवार को रालोद के सदस्यता अभियान कार्यक्रम में पहुंचे कुछ युवा आपस में ही भिड़ गए। कार्यालय के बाहर उन्होंने जमकर हंगामा किया। मारपीट होने से सरकुलर रोड पर अफरातफरी मच गई। बाद में पार्टी नेताओं के समझाने पर वे शांत हुए। सरकुलर रोड स्थित रालोद कार्यालय पर मंगलवार दोपहर पार्टी का सदस्यता अभियान चल रहा था। बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा इसमें शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान कार्यालय के बाहर पहुंचे युवा आपस में भिड़ पड़े।
बताया जाता है कि इनमें अधिकांश युवा खालापार के थे। पद वितरण को लेकर उन्होंने हंगामा किया। इसी दौरान कुछ युवा आपसे में भिड़ गए। जमकर बेल्टें चली तो वहां पर अफरातफरी मच गई। कार्यक्रम में शामिल होने आई महिलाओं में भगदड़ शुरू हो गई। बाद में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने झगड़ा रहे युवाओं को समझाकर शांत किया। झगड़ा करने वाले रालोद की टोपी भी पहने हुए थे। बावजूद इसके रालोद के प्रदेश महासचिव सुधीर भारतीय का कहना है कि कुछ कॉलेजों के छात्र कार्यालय के बाहर आपस में भिड़ गए थे। इसका पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है।
वेस्ट यूपी में रालोद के प्रभाव को कोई नकार नहीं सकता
रालोद ने पार्टी कार्यालय पर सदस्यता अभियान चलाया। बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं ने रालोद की सदस्यता ली। व्यापार प्रकोष्ठ से भी बड़ी संख्या में व्यापारी जुड़े। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चौधरी अजित सिंह को लेकर लोगों में उत्साह है। मंगलवार को पार्टी कार्यालय पर मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव पायल माहेश्वरी के निर्देशन में सदस्यता अभियान चलाया गया। बड़ी संख्या में विभिन्न प्रकोष्ठों में नए कार्यकर्ता जोड़े गए।
महिला, युवा, सहकारिता प्रकोष्ठ एवं व्यापार प्रकोष्ठ की सदस्यता दिलाई गई। मुख्य अतिथि ने कहा कि मौजूद भीड़ इस बात का सबूत है कि मुजफ्फरनगर में चौधरी अजित सिंह का क्रेज है। पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रालोद का अपना प्रभाव है। इसे कोई नहीं नकार सकता। सहकारिता प्रकोष्ठ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष कृष्णपाल राठी ने कहा कि रालोद एक विचारधारा है, जो चौधरी चरण सिंह के सिद्धांतों पर चलती है।
कार्यक्रम में सुमन माहेश्वरी, सुधीर भारतीय, रणधावा मलिक, शुभम बंसल, अमित माहेश्वरी, ब्रजवीर सिंह, परवेज आलम, धर्मेंद्र मुखिया, भगवान शर्मा, विदित मलिक, यशपाल नागर, विकास कादियान, शादाब सलमानी, सौरभ सैनी, सपना अग्रवाल, यावर रोशन, जुबेर अहमद, गौरी राणा, डा. अनीस, बोबी खान, विनोद सैनी, अंजुल सैनी, विशाल सैनी, गुलसनव्वर, सचिन त्यागी आदि मौजूद रहे।