मुजफ्फरनगर। परिवहन निगम ने देहात में कम किराए वाली जनता सेवा के नाम से रोडवेज बस चलाने का निर्णय है। यह बस जल्द ही जिले की सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी। इन बसों के चालक व परिचालक के लिए प्रोत्साहन राशि भी देने का प्रावधान है।
परिवहन निगम मुजफ्फरनगर डिपो के एआरएम प्रभात कुमार सिन्हा ने बताया कि इन बसों के संचालन से जनता को सुविधा के साथ ही अनाधिकृत रूप से चल रहे निजी वाहनों पर प्रतिबंध लग सकेगा। यह बसें देहात से चलकर जिला डिपो तक पहुंचेंगी। बस का एक चालक अधिकतम 100 किलोमीटर तक ही बस चलाएगा। अंतिम फेरे में बस का ठहराव गांवों में होगा। इन बसों का एक कलर कोड भी होगा।
बसों पर मार्ग पर पड़ने वाले स्टॉपेज एवं गन्तव्य स्थान के बारे में सफेद रंग पर लाल से लिखा जाएगा। चालक व परिचालक को 2.18 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान होगा। लक्ष्य से अधिक किलाेमीटर बस चलाने व लक्षित लोड फेक्टर से अधिक आय प्राप्त होने पर लक्षित आय से अधिक प्राप्त आय का 25 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि के रूप में नकद दिया जाएगा। डयूटी पूरी करने पर भी चार से पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।