महावीर चौक पर लगने वाले जाम को लेकर प्रशासन सतर्क होने के साथ सख्त हो गया है। जिले के मुखिया ने खुद चौक पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। ट्रैफिक पुलिस ने साफ कर दिया है कि निर्धारित क्षेत्र से पहले खिड़की खोलकर सवारियां उतारी या चढ़ाई तो बस अड्ड़े नहीं, थाने में जाएगी। चालकों की हरकत को निगरानी के लिए डिपो ने भी यहां अतिरिक्त कर्मचारी की तैनाती की है।
शहर में महावीर चौक मुख्य चौराहा है। यहीं से शहर में एंट्री का मुख्य मार्ग है। साथ ही इस स्थान से जानसठ रोड, मीनाक्षी चौके साथ ही कचहरी जाने का मुख्य मार्ग भी है। दिन निकलते ही चौक पर चारों ओर से वाहनों की भीड़ एकत्र होने पर जाम के हालात बन जाते हैं। वहीं, रोडवेज की बसें भी यहां से आती-जाती है। नतीजतन सवारियां उतारने और चढ़ाने का काम यहीं से होता है।
जाम लगने की शिकायत पर डीएम ने एआरएम को बसों का स्थायी स्टॉफ ओवरब्रिज के नीचे रखने के निर्देश दिए। साथ ही बस की खिड़की को जीआईसी के गेट तक बंद रखने को कहा। इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई। आदेश के बाद भी कुछ चालक मनमानी कर रहे थे।
इस पर रविवार को डीएम डीके सिंह ने खुद महावीर चौक पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए। ट्रैफिक पुलिस ने चालकों साफ कह दिया है कि नियमों का पालन न करने पर बस के संचालन को रोकने के साथ जुर्माना लगाया जाएगा।
अतिक्रमण पर भड़के
मुजफ्फरनगर। अस्पताल में पोलियो बूथ का उद्घाटन करने जा रहे डीएम को शिव चौक के आसपास अतिक्रमण मिलने पर पारा चढ़ गया। डीएम ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस कर्मियों को इस बाबत ध्यान रखने और कार्रवाई के निर्देश दिए।