जानसठ/शामली। सिखेड़ा क्षेत्र के निराना गांव के पास पानीपत-खटीमा मार्ग पर बृहस्पतिवार देर रात बाइक सवार तीन युवकों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक को कैंटर ने रौंद डाला, मौके पर ही तीनों ने दम तोड़ दिया। हालांकि जान बचाने की आस में पुलिस जिला अस्पताल लाई, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में दो सगे भाई हैं।
हादसा सिखेड़ा थाना क्षेत्र में निराना गांव के पास हुआ। देर रात तीन युवक शहर से बाइक पर अपने गांव चितौड़ा जा रहे थे। अंधेरा होने होने पर सामने से तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में दो युवकों के सिर पर गंभीर चोर्टें आइं, जबकि बाइक से गिरने के बाद एक युवक के सीने पर कैंटर का पहिया उतर गया।
कैंटर चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत देखते हुए युवकों को जीप में डालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद चिकित्सकों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस शिनाख्त में जुटी तो एक युवक की जेब से वोटर आई कार्ड मिला।
पुलिस ने सादपुर गांव में संपर्क किया, तो मृतकों की शिनाख्त हो गई, इनमें दो सगे भाई पंकज (26) और उसका छोटा भाई मोहित (22) पुत्रगण गंगाराम निवासी सादपुर थे। तीसरा युवक चितौड़ा गांव का संदीप (24) पुत्र सुंदरलाल है। मौत की सूचना मिलते ही सादपुर और चितौड़ा गांव में मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के मुताबिक पंकज भोपा रोड पर गाड़ियों की बॉडी बनाने का काम सीख रहा था। गुरुवार को उसका छोटा भाई मोहित दोस्त संदीप के साथ किसी काम से शहर आया था। भाई को भी साथ लेकर गांव के लिए चल पड़े। इसी बीच निराना गांव के पास सामने से तेज गति से आए कैंटर ने उन्हें कुचल दिया।
मृतकों में पंकज विवाहित है, जबकि मोहित और संदीप अविवाहित हैं। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर गांव से परिजन और रिश्तेदार रोते-बिलखते मोर्चरी पहुंचे।
उधर, शामली में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जलालाबाद में डीपीएस स्कूल के सामने ट्रक से कुचलकर तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है।
हादसा बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे हुआ। बाइक सवार तीन युवक सहारनपुर की तरफ से शामली आ रहे थे। इसी दौरान शामली की तरफ से एक ट्रक सहारनपुर की तरफ जा रहा था। जलालाबाद चौकी क्षेत्र में डीपीएस स्कूल के सामने ट्रक ने बाइक सवारों को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर लगने पर बाइक सवार तीनों युवक ट्रक के नीचे घिसटते हुए करीब 200 मीटर तक गए। इसके चलते तीनों युवकों की मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना पर जलालाबाद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक को हटवाकर उसके नीचे फंसे तीनों युवकों के शव बाहर निकाला गया।
बाइक का नंबर एचआर05-6436 है। मरने वालों ने साधुओं वाले कपड़े पहन रखे थे। वहीं, सांप रखने वाला एक पिटारा भी उनके पास से मिला। माना जा रहा है कि उक्त तीनों लोग किसी साधुओं के डेरे से ताल्लुक रखते हैं। थानाभवन एसओ का कहना है कि युवकों की शनाख्त नहीं हो सकी है।
आसपास के लोगों को बुलाकर शव दिखाए गए। बाइक हरियाणा नंबर की होने से ऐसा लगता है कि उक्त तीनों या तो हरियाणा के रहने वाले हैं अथवा हरियाणा से सटे इलाके झिंझाना और कैराना क्षेत्र के भी हो सकते हैं।