रालोद कार्यकर्ता ट्रैक्टरों के साथ करेंगे दिल्ली कूच
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोकदल ने 26 जनवरी को दिल्ली कूच को लेकर पार्टी कार्यालय पर बैठक की। पार्टी के जिलाध्यक्ष अजीत राठी ने कहा कि रालोद कार्यकर्ता किसानों के साथ बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के साथ दिल्ली कूच करेंगे।
पार्टी कार्यालय पर हुई बैठक में रालोद जिलाध्यक्ष अजित राठी ने कहा कि 26 जनवरी को लेकर पूरे जिले में तैयारी चल रही है। रालोद कार्यकर्ता गांव-गांव बैठक कर रहे हैं। बड़ी संख्या में किसान जिले से दिल्ली कूच करेंगे। रालोद कार्यकर्ताओं ने भी इसकी तैयारी कर ली है। रालोद की ओर से गाजीपुर बॉर्डर पर पिछली 12 जनवरी से लगातार कैंप कर भंडारा चल रहा है। कार्यकर्ता किसानों की सेवा कर रहे हैं। प्रदेश महासचिव सुधीर भारतीय, युवा मंडल अध्यक्ष हर्ष राठी, काजी फैज, विदित मलिक, अभय अहलावत, रितिक राठी, आदेश तोमर आदि उपस्थित रहे।
किसान आंदोलन को दिया समर्थन
सिसौली। जनकल्याण समिति की शनिवार को कस्बा निवासी प्रदीप ठेकेदार के आवास पर बैठक हुई, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी भीम सिंह ने कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की। चौधरी भीम सिंह ने कहा कि वे कार्यकर्ताओं के साथ 25 जनवरी को दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहा है और सरकार अपनी जिद छोड़ कर किसानों की बातों को स्वीकार करें। डॉ बहादुर, बदलू सिंह, गोवर्धन, रामपाल और उधम सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाकियू ने मंथन किया
पुरकाजी। भाकियू की एक बैठक शनिवार को गांव भूराहेड़ी में मंडल अध्यक्ष नवीन राठी के आवास पर की गई। 26 जनवरी को परेड में शामिल होने के बारे में विचार विमर्श किया गया। क्षेत्र से करीब सौ ट्रैक्टर ट्रालियों में किसान 25 जनवरी को छपार टोल प्लाजा पर एकत्र होंगे। वहीं से एक साथ दिल्ली के लिए कूच किया जाएगा। बैठक में रालोद के प्रदेश सचिव धर्मेंद्र राठी, गोल्डी राठी के अलावा भाकियू नेता प्रताप सिंह, हरिओम त्यागी, मगन सिंह, गोविंद शर्मा, सोहन बीर सिंह, राजेंद्र पांचली, कुलदीप सिंह, काका सिंह, ओमपाल, सुखपाल, मंगता हसन, मुसर्रफ त्यागी, करणबीर सिंह, विकास त्यागी , सोनू राठी, कार्तिक राठी, फोल्डी राठी आदि मौजूद रहे।