कोर्ट मैरिज कर पत्नी को छोड़ सऊदी अरब गया युवक
मुजफ्फरनगर, तितावी। एक गांव निवासी विवाहित युवक प्रेमिका से कोर्ट मैरिज करने के बाद उसे छोड़कर एक हफ्ते पूर्व नौकरी करने सऊदी अरब चला गया। युवती ने आरोपी के घर पहुंचकर हंगामा करते हुए उसके खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहित युवक का काफी समय से गांव की ही युवती के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। करीब चार माह पूर्व युवक प्रेम-प्रसंग के चलते प्रेमिका को लेकर घर से ले गया और कोर्ट मैरिज कर कहीं अन्यत्र रहने लगा। करीब एक सप्ताह पूर्व युवक, युवती को बिना बताए नौकरी करने सऊदी अरब चला गया। एक सप्ताह तक युवती ने उसका इंतजार किया और आखिरकार उसके घर पहुंच गई। वहां उसे युवक के सऊदी अरब जाने की जानकारी मिली, जिस पर उसने उसके घर पर जमकर हंगामा किया।
ग्रामीणों ने किसी तरह युवती को समझा-बुझाकर शांत कर अपने घर जाने के लिए कहा, लेकिन वह युवक के घर में ही रहने की जिद पर अड़ गई। युवक के परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए तो पीड़िता थाने जा पहुंची और उसके खिलाफ दुष्कर्म की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ राजेंद्र वशिष्ठ ने मामले की जानकारी होने से इंकार करते हुए तहरीर आने पर कार्रवाई करने की बात कही है।