बुढ़ाना में रालोद के किसान स्वाभिमान सम्मेलन में मंच पर मौजूद पदाधिकारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भाजपा सरकार के खिलाफ आरपार की लड़ाई होगी
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। रालोद के किसान मजदूर स्वाभिमान बचाओ और भाईचारा सम्मेलन में सभी वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश को बर्बाद किया है। सभी बिरादरियों के सहयोग से गरीब व किसान विरोधी भाजपा सरकार के खिलाफ आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। सम्मेलन में सभी वक्ताओं ने हिंदू-मुस्लिम एकता पर बल दिया।
कस्बे के एक बैंक्वट हाल में सोमवार को रालोद के किसान मजदूर स्वाभिमान बचाओ व भाईचारा सम्मेलन का आयोजन हुआ। सम्मेलन में रालोद के पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश को बर्बाद कर दिया है। देश में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ सभी हिंदू और मुस्लिमों को एक साथ मिलकर लड़ाई लड़नी चाहिए। पूर्व विधायक राजपाल बालियान ने कहा कि भाजपा के शासन में सभी वर्ग असुरक्षित हैं। पूर्व विधायक धर्मवीर बालियान ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव में भाजपा के गुंडाराज का पूरे देश को पता चल गया है। रालोद के क्षेत्रीय महासचिव बालकिशोर त्यागी ने कहा कि महंगाई ने गरीबों व किसानों की कमर तोड़ दी हैं। पूर्व विधायक नवाजिश आलम ने कहा कि भाजपा की सरकार बनाने में सहयोग करने वाला देश का युवक बेरोजगारी के कारण निराश है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक ने कहा कि सरकार गरीब व किसान विरोधी कार्य कर रही है। रालोद के वरिष्ठ नेता प्रवीण बालियान ने कहा कि सरकार ने किसान व मजदूर को ही नही छोटे व्यापारियों को भी तबाह कर दिया है। इस मौके पर पूर्व विधायक धर्मवीर बालियान, अमीर आलम व सहकारी समिति के चेयरमैन सुरेंद्र सहरावत आदि ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिल्ले हैदर व संचालन अमीर आलम ने किया।
23 अगस्त को महासम्मेलन की घोषणा
बुढाना। रालोद के किसान मजदूर स्वाभिमान व भाईचारा सम्मेलन में सर्वसम्मति से 23 अगस्त को बुढ़ाना में महासम्मेलन की घोषणा की गई। पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने बताया कि 23 अगस्त को आयोजित होने वाले महासम्मेलन की रणनीति बना ली गई है। सम्मेलन की सफलता के लिए गांव-गांव में जाकर प्रचार किया जाएगा।