मुजफ्फरनगर। आर्य समाज रोड स्थित डीएवी इंटर कॉलेज में दाखिला कराने को लेकर शुरू हुए विवाद में कॉलेज जंग का अखाड़ा बन गया। रालोद छात्र नेता और शिक्षक आमने-सामने आ गए। आरोप है कि रालोद छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने प्रधानाचार्य व शिक्षकों की पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी कार्यकर्ताओं की धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने पांच छात्र नेताओं को हिरासत में लिया है। प्रधानाचार्य की तहरीर पर 13 नामजद और 10-15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिक्षकों ने सिविल लाइन थाने पर धरना देकर कर सख्त कार्रवाई की मांग की। उधर, रालोद नेताओं ने भी शिक्षकों पर पिटाई का आरोप लगाया है।
रालोद छात्र के जिलाध्यक्ष सार्थक लाटियान अपने साथी काजी फैज, अर्जुन, शौर्य, आकाश, सुहेल, हैदर राणा, अभी अहलावत, हिमांशु बालियान, गोल्डी, राजा, शुभम चौधरी के साथ बृहस्पतिवार को एक छात्र का दाखिला कराने डीएवी इंटर कॉलेज में पहुंचे थे। दाखिले को लेकर कॉलेज के कर्मचारी के साथ छात्र नेताओं का विवाद हो गया। हंगामा होने पर शिक्षक सत्यकाम तोमर, अब्दुल सत्तार, मोहिब हसन, मोनिका, रश्मि, जय मिश्रा आदि मौके पहुंच गए। प्रधानाचार्य का आरोप है कि छात्र नेताओं ने लाठी डंडों से हमला कर जान से मारने की धमकी दी। तमंचों से फायर भी किए गए। शिक्षकों को चोटें आई। इस दौरान रालोद नेता सुधीर भारतीय भी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के साथ नोकझोंक हुई और हाथापाई की नौबत आ गई। सीओ सिटी कुलदीप कुमार व पुलिस टीम पहुंची तो आरोपियों ने पुलिस के साथ धक्कामुक्की की। इस दौरान झड़प हुई। पुलिस ने मौके से सुधीर भारतीय, सार्थक लाटियान, अर्जुन, काजी कैफ व शौर्य को हिरासत में ले लिया है। प्रधानाचार्य ने शिक्षकों के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी। धरना प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इनके खिलाफ हुआ मुकदमा
सार्थक लाटियान, काजी फैज, सुधीर भारती, अर्जुन, शौर्य, आकाश, सुहैल, हैदर राणा, अभि अहलावत, हिमांशु बालियान, गोल्डी, राजा, शुभम चौधरी सहित एक दर्जन से अधिक युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
हमलावर कोई भी हो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मुकदमा दर्ज कर लिया है। माहौल बिगाड़ने वाले किसी को बख्शा नहीं जाएगा। पांच छात्र नेताओं को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। - कुलदीप कुमार, सीओ सिटी
कॉलेज में दाखिला कराने वाले छात्रों की लाइन लगी थी। सार्थक लाटियान आदि आए वहां आए। उन्होंने कर्मचारी के साथ बदतमीजी की। धक्कामुक्की पर वे और अन्य शिक्षक पहुंच गए। युवकों ने उनके और अन्य शिक्षक से हाथापाई की। फायर भी किया। उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया है। - सुनील वर्मा, प्रधानाचार्य
छात्र नेता बोले, शिक्षकों ने डंडों से पीटा
रालोद छात्र नेता सार्थक लाटियान ने कहा कि कालेज में एक छात्र का कक्षा 11 में दाखिला करने से मना कर दिया था। डीआइओएस से आदेश कराकर वह छात्र व अपने साथियों के साथ कॉलेज गए थे। वहां उन्हें प्रधानाचार्य के कार्यालय में बंद कर डंडो से पीटा गया।