मुजफ्फरनगर, मीरापुर। गांव खेड़ी सराय निवासी रालोद के जिला सचिव फरमान को गांव में रालोद का कार्यक्रम कराने पर तमंचे की बट से हमला किया गया। सपा को वोट न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। ऐसा आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है।
क्षेत्र के गांव खेड़ी सराय निवासी फरमान रालोद में जिला सचिव है। फरमान ने बुधवार दोपहर गांव में रालोद का एक कार्यक्रम कराया था। आरोप है कि शाम को वह गांव निवासी मोबिन के साथ कस्बा स्थित एसबीआई बैंक शाखा के समीप एक कार में बैठा था।
उसी समय गांव निवासी दो युवक एक बाइक पर आए और दोनों को कार से बाहर बुला लिया। सपा के पक्ष में वोट देने के लिए कहा। फरमान ने विरोध किया तो आरोपी युवकों ने तमंचे की बट से फरमान पर हमला किया। सपा को वोट न देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने दोनों को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।